व्यापार
भारत का रूस से तेल आयात नवंबर में घटा, मध्यपूर्व एशिया से बढ़ी आपूर्ति
jantaserishta.com
29 Nov 2026 2:39 PM IST

x
मुंबई: भारत का रूस से कच्चे तेल का आयात नवंबर में घटकर 1.65 मिलियन बैरल प्रति दिन रह गया है। इसकी वजह मध्यपूर्व एशिया से कच्चे तेल की आपूर्ति बढ़ना, डिस्काउंट का कम होना और अधिक परिवहन लागत है।
कमोडिटी इंटेलिजेंट फर्म कैप्लर की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, भारत का रूस से कच्चे तेल का आयात जुलाई में अपने उच्चतम स्तर 2.8 मिलियन बैरल प्रति दिन पर पहुंच गया था। इसके बाद, इसमें गिरावट दर्ज की गई। सितंबर में यह घटकर 1.87 मिलियन बैरल प्रति दिन पर पहुंच गया। हालांकि, तनाव के कारण कच्चे तेल में तेजी आने के कारण यह अक्टूबर में बढ़कर 2.05 मिलियन बैरल प्रति दिन पर पहुंच गया था, जिसके बाद इसमें अब फिर गिरावट देखी जा रही है।
नवंबर में सऊदी अरब और इराक से संयुक्त आपूर्ति बढ़कर 1.61 मिलियन बैरल प्रति दिन पर पहुंच गई है। इसकी वजह होर्मुज स्ट्रेट से कच्चे तेल की आपूर्ति में सुधार होना है। इसके अलावा भारत ने अपने कच्चे तेल की बास्केट में विविधता लाते हुए ब्राजील और वेनेजुएला से कच्चे तेल की खरीद को बढ़ा दिया है।
यह बदलाव मुख्य रूप से बदलती लागतों के कारण हो रहा है, न कि भारत में तेल की मांग में कमी की वजह से। शिपिंग का खर्च बढ़ने और रूसी कच्चे तेल पर मिलने वाली छूट कम हो जाने से, यह भारतीय खरीदारों के लिए अब उतना आकर्षक नहीं रहा। वहीं,भू-राजनीतिक तनाव और काला सागर (ब्लैक सी) से होने वाली शिपमेंट को लेकर अनिश्चितता ने भी आपूर्ति से जुड़े जोखिमों को बढ़ा दिया है।
केप्लर का अनुमान है कि दिसंबर में भारत का रूसी कच्चे तेल का आयात 1.5 से 1.7 मिलियन बैरल प्रति दिन के बीच रहेगा। मध्यपूर्व के आपूर्तिकर्ता प्रतिस्पर्धी बने रह सकते हैं, जबकि रिफाइनर ब्राजील, वेनेजुएला और पश्चिम अफ्रीका से भी आपूर्ति के विकल्प तलाश सकते हैं।
भारत अपनी कच्चे तेल की जरूरतों का 88 प्रतिशत से अधिक हिस्सा आयात करता है। हालांकि 2022 में पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों के कारण डिस्काउंट के चलते रूसी तेल एशिया की ओर मुड़ गया और रूस एक प्रमुख आपूर्तिकर्ता बन गया, लेकिन भविष्य में बाजार में उसकी हिस्सेदारी प्रतिस्पर्धी कीमतों, माल ढुलाई की लागत और भू-राजनीतिक जोखिमों पर निर्भर करेगी। इसलिए, भारत आयातित कच्चे तेल पर अपनी निर्भरता कम करने के बजाय, अपनी आपूर्ति रणनीति को नए सिरे से तैयार कर रहा है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





