व्यापार

भारत का रत्न और आभूषणों का निर्यात सितंबर में 9.43 प्रतिशत बढ़ा: रिपोर्ट

jantaserishta.com
15 Oct 2026 2:00 PM IST
भारत का रत्न और आभूषणों का निर्यात सितंबर में 9.43 प्रतिशत बढ़ा: रिपोर्ट
x
नई दिल्ली: भारत का रत्न और आभूषणों का निर्यात सितंबर में 9.43 प्रतिशत बढ़कर 2.95 अरब डॉलर हो गया है, जो कि पिछले वर्ष समान अवधि में 2.69 अरब डॉलर था। यह जानकारी गुरुवार को जारी हुई एक रिपोर्ट में दी गई।
कामा ज्वेलरी की रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल-सितंबर 2026 के दौरान कुल निर्यात 3.07 प्रतिशत बढ़कर 14.30 अरब डॉलर हो गया, जो पिछले साल इसी अवधि में 13.87 अरब डॉलर था। वहीं, वित्त वर्ष की पहली छमाही में सकल आयात सालाना आधार पर 5.29 प्रतिशत बढ़कर 11.04 अरब डॉलर हो गया है, जबकि सितंबर में यह 25.48 प्रतिशत बढ़कर 2.07 अरब डॉलर हो गया है।
रिपोर्ट में कहा गया, "यह सुधार भारतीय रत्न और आभूषण क्षेत्र के लिए अच्छा है, क्योंकि यह क्षेत्र लंबे समय से वैश्विक आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा था।" रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि रत्न और आभूषणों के निर्यात और आयात दोनों में आई तेजी एक सकारात्मक संकेत है। इसके पीछे घरेलू स्तर पर त्योहारों के दौरान रही मांग और वैश्विक स्तर पर आने वाले छुट्टियों के सीजन का योगदान है।
रिपोर्ट के अनुसार, हीरे के निर्यात के मूल्य में गिरावट आई है, लेकिन मात्रा में वृद्धि हुई है। इसका मतलब यह है कि प्रति कैरेट मिलने वाली कीमत कम हुई है, न कि हीरे की वास्तविक मांग में कोई कमी आई है। कच्चे हीरों के आयात में वृद्धि भारत के सबसे बड़े हीरा प्रसंस्करण केंद्र के रूप में इसकी प्रमुखता को रेखांकित करती है और इस प्रवृत्ति के और मजबूत होने की संभावना है।
सादे सोने के आभूषणों का प्रदर्शन सोने की ऊंची कीमतों से प्रभावित रहा, जबकि जड़े हुए सोने के आभूषणों के निर्यात में उल्लेखनीय वृद्धि हुई, जो डिजाइन-आधारित और मूल्यवर्धित जड़े हुए आभूषणों के प्रति खरीदारों की निरंतर पसंद को दर्शाता है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि त्योहारी और शादी के मौसम को देखते हुए व्यापार की गति में और तेजी आने की संभावना है और कम से कम चालू तिमाही में इसमें वृद्धि देखने को मिल सकती है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story