व्यापार
मध्य पूर्व संकट के बीच लाल निशान में खुला भारतीय शेयर बाजार
jantaserishta.com
23 Jun 2025 10:04 AM IST

x
मुंबई: मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के कारण कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार सोमवार को लाल निशान में खुला। शुरुआती कारोबार में आईटी और ऑटो सेक्टर में बिकवाली देखी गई। सुबह करीब 9.30 बजे, सेंसेक्स 677.10 अंक या 0.82 प्रतिशत की गिरावट के साथ 81,731.07 पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 204.6 अंक या 0.81 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,907.75 पर कारोबार कर रहा था
निफ्टी बैंक 387.75 अंक या 0.69 प्रतिशत की गिरावट के साथ 55,865.10 पर कारोबार कर रहा था। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 219.45 अंक या 0.38 प्रतिशत की गिरावट के बाद 57,776.05 पर कारोबार कर रहा था। निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 45.25 अंक या 0.25 प्रतिशत की गिरावट के बाद 18,148.95 पर था।
विश्लेषकों के अनुसार, भले ही ईरान की तीन परमाणु सुविधाओं पर अमेरिकी बमबारी ने संकट को बढ़ा दिया है, लेकिन बाजार पर इसका प्रभाव सीमित रहने की संभावना है। अब अनिश्चित कारक ईरानी प्रतिक्रिया की प्रकृति और उसका समय है।
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार डॉ. वीके विजयकुमार ने कहा, "अगर ईरान अमेरिकी रक्षा सुविधाओं को निशाना बनाता है, उन्हें नुकसान पहुंचाता है या अमेरिकी सैन्य कर्मियों को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाता है, तो अमेरिका की प्रतिक्रिया बहुत बड़ी हो सकती है और इससे संकट और बढ़ सकता है। लेकिन बाजार का आकलन है कि ईरान, अमेरिका और इजरायल के खिलाफ जो कुछ भी कर सकता है उसको लेकर कुछ सीमाएं हैं।"
इस बीच, सेंसेक्स पैक में इंफोसिस, एचसीएल टेक, हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड, इटरनल, टीसीएस, एशियन पेंट्स, पावर ग्रिड, रिलायंस, आईटीसी टॉप लूजर्स रहे। वहीं, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल), भारती एयरटेल और ट्रेंट टॉप गेनर्स रहे।
विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 20 जून को लगातार चौथे दिन अपनी खरीदारी जारी रखी और 7,940.70 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। दूसरी ओर, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने उसी दिन 3,049.88 करोड़ रुपए के शेयर बेचे।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के प्राइम रिसर्च हेड देवर्ष वकील ने कहा, "हमें उम्मीद है कि हमारे बाजार प्रतिकूल प्रतिक्रिया देंगे और शुरुआती नुकसान से उबरने से पहले लाल निशान में खुलेंगे। तत्काल प्रतिरोध अब 25,222 के स्तर पर है। समर्थन 24,800 के स्तर पर ऊपर की ओर बढ़ गया है।"
एशियाई बाजारों में बैंकॉक, जापान, सोल, हांगकांग और जकार्ता लाल निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि केवल चीन हरे निशान में कारोबार कर रहा था। अमेरिकी बाजारों में शुक्रवार को आखिरी कारोबारी सत्र में डाउ जोंस 35.16 अंक या 0.08 प्रतिशत की बढ़त के साथ 42,206.82 पर बंद हुआ। एसएंडपी 500 इंडेक्स 13.03 अंक या 0.22 प्रतिशत की गिरावट के साथ 5,967.84 पर और नैस्डैक 98.86 अंक या 0.51 प्रतिशत की गिरावट के साथ 19,447.41 पर बंद हुआ।
Tagsमध्य पूर्व संकटलाल निशान में खुला भारतीय शेयर बाजारभारतीय शेयर बाजारMiddle East crisisIndian stock market opened in red markIndian stock market
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





