
x
महेश शेळके की हत्या के बाद IOOA सख्त
मुंबई: महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के फील्ड ऑफिसर महेश शेळके की ड्यूटी के दौरान चाकू मारकर हत्या किए जाने के बाद इंडियन ऑयल ऑफिसर्स एसोसिएशन ने विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। एसोसिएशन ने कंपनी प्रबंधन को औपचारिक नोटिस भेजते हुए फील्ड में काम करने वाले अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।
पुलिस के मुताबिक घटना 6 अक्टूबर 2026 को हिंगोली जिले के वसमत तहसील के अंबाचोंडी गांव में हुई। इंडियन ऑयल की टीम एक पेट्रोल पंप को सील कर उसका कब्जा लेने की कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान पेट्रोल पंप मालिक के परिवार और अधिकारियों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद महेश शेळके पर चाकू से कई वार किए गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक महेश शेळके नांदेड़ नॉर्थ रिटेल सेल्स एरिया में तैनात थे। वे आधिकारिक टीम के साथ पेट्रोल पंप पर कंपनी की कार्रवाई को पूरा करने पहुंचे थे। पुलिस ने बताया कि घटना करीब शाम 4:30 बजे हुई। प्रारंभिक रिपोर्टों में उन पर सात बार चाकू से वार किए जाने की बात कही गई है। हालांकि विवाद की सटीक वजह की जांच अभी जारी है।
हत्या के बाद इंडियन ऑयल ऑफिसर्स एसोसिएशन ने 7 अक्टूबर को कंपनी के डायरेक्टर एचआर को पत्र भेजकर कड़ा विरोध दर्ज कराया। एसोसिएशन का कहना है कि फील्ड अधिकारियों पर हमले और धमकियों को लेकर वह पहले भी प्रबंधन को चेताता रहा है, लेकिन पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं बनाई गई।
एसोसिएशन ने मांग की है कि संवेदनशील फील्ड ऑपरेशनों के लिए स्पष्ट और व्यापक स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर बनाए जाएं। इसके साथ ही ऐसी कार्रवाई से पहले अनिवार्य जोखिम आकलन, जरूरत पड़ने पर पुलिस या सुरक्षा बल की मौजूदगी, कानूनी सहायता और संवेदनशील स्थानों पर बेहतर सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
IOOA ने चरणबद्ध विरोध कार्यक्रम भी घोषित किया है। तय कार्यक्रम के मुताबिक अधिकारी 23 अक्टूबर को काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराएंगे। इसके बाद 24 से 29 अक्टूबर के बीच विभिन्न स्थानों पर गेट मीटिंग की जाएंगी। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि अगर मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो 30 अक्टूबर से ‘वर्क टू रूल’ आंदोलन शुरू किया जाएगा।
‘वर्क टू रूल’ के दौरान अधिकारी केवल निर्धारित नियमों और आधिकारिक कार्य समय के अनुसार ही काम करते हैं। ऐसे आंदोलन से रोजमर्रा के कामकाज की गति प्रभावित हो सकती है, हालांकि एसोसिएशन ने फिलहाल इसे अगले चरण के रूप में रखा है।
IOOA का कहना है कि फील्ड अधिकारियों को डीलरों, ट्रांसपोर्टरों, वेंडरों और अन्य बाहरी पक्षों से जुड़े संवेदनशील मामलों में कई बार विरोध और धमकियों का सामना करना पड़ता है। एसोसिएशन ने दावा किया है कि उसने सितंबर 2023 और मार्च 2026 में भी अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर कंपनी प्रबंधन के सामने मुद्दा उठाया था।
एसोसिएशन की मांग है कि किसी अधिकारी को संवेदनशील कार्रवाई के लिए भेजने से पहले स्थिति का पूरा आकलन हो और संभावित खतरे की स्थिति में पुलिस सुरक्षा अनिवार्य की जाए। साथ ही ड्यूटी के दौरान होने वाले विवाद या आपराधिक घटनाओं में संबंधित अधिकारी को अकेले कानूनी प्रक्रिया से न गुजरना पड़े, बल्कि कंपनी संस्थागत स्तर पर उसकी मदद करे।
दूसरी ओर पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की है। घटना के बाद आसपास के इलाके में जांच शुरू की गई और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी लिए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि विवाद की पूरी वजह और घटना के क्रम को जांच के बाद ही स्पष्ट किया जा सकेगा।
महेश शेळके की हत्या ने अब एक आपराधिक घटना से आगे बढ़कर सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों में फील्ड ड्यूटी करने वाले अधिकारियों की सुरक्षा का बड़ा मुद्दा खड़ा कर दिया है। एसोसिएशन ने साफ कर दिया है कि वह केवल इस मामले में कार्रवाई ही नहीं, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए स्थायी सुरक्षा व्यवस्था चाहता है।
अब नजर इंडियन ऑयल प्रबंधन की प्रतिक्रिया पर है। अगर 30 अक्टूबर से पहले एसोसिएशन की मांगों पर ठोस पहल नहीं हुई, तो विरोध ‘वर्क टू रूल’ के रूप में और तेज हो सकता है।
Next Story





