
x
धीरे-धीरे भारतीय अर्थव्यवस्था पटरी पर लौट रही है.
जनता से रिश्ता वेबडेस्क। धीरे-धीरे भारतीय अर्थव्यवस्था पटरी पर लौट रही है. तिमाही नतीजे आने लगे हैं. 1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बजट पेश करेंगी. माना जा रहा है कि यह बजट अर्थव्यवस्था में जान फूंकने वाला होगा. सकारात्मक संकेतों के बीच विदेशी निवेशक भारतीय बाजार पर मेहरबान हुए हैं. फॉरन पोर्टफोलियो इन्वेस्टर्स (FPI) ने जनवरी के पहले छह दिनों में शेयर बाजार में 4819 करोड़ रुपए डाले.
विदेशी निवेशकों ने डेट मार्केट में इन छह कारोबारी सत्र में 1000 करोड़ रुपए डाले हालांकि Debt-VRR (Voluntary Retention Route) के जरिए 663 करोड़ रुपए निकाल लिए. इस तरह जनवरी में अब तक कुल 5156 करोड़ रुपए का पूंजी निवेश किया. LKP सिक्यॉरिटीज के अनुसंधान प्रमुख एस रंगनाथन ने कहा, .भारतीय बाजारों में एफपीआई की आमद मुख्य रूप से एक सुधारवादी बजट के साथ-साथ अच्छी तीसरी तिमाही के बेहतर परिणाम की उम्मीदों के कारण है.'
भारत में कोरोना के नए मामले काफी कम
एक अन्य संस्था Groww के को फाउंडर और चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर हर्ष जैन ने कहा कि इसके अलावा, अन्य देशों की तुलना में भारत में कोविड-19 के मामलों की कम संख्या भी एक प्रमुख कारण है कि भारत में निवेश बढ़ रहा है. कई अन्य देशों ने कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर लॉकडाउन को फिर से शुरू किया है. उन्होंने कहा कि 2020 में भारत में आये निवेश की मात्रा उभरते बाजारों में सबसे अधिक है, जबकि अधिकांश उभरते बाजारों में वास्तव में निकासी हुई.
मजबूत रिकवरी की उम्मीद
जैन ने कहा, .भारत पिछले कुछ तिमाहियों में सुधार को देखते हुए एक मजबूत इकोनॉमिक रिकवरी की उम्मीद को लेकर एक आकर्षक निवेश गंतव्य के रूप में उभरा है.' जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजय कुमार ने कहा कि भारत, चीन, रूस और दक्षिण कोरिया एफपीआई के पसंदीदा गंतव्य हैं.
दिसंबर में रहे शुद्ध लिवाल
2020 के आखिरी महीने यानी दिसंबर में विदेशी निवेशकों (Foreign Portfolio Investors) ने भारतीय बाजारों में खूब पैसा निवेश किया. यह लगातार तीसरा महीना था जब वे शुद्ध लिवाल रहे. NSDL की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक फॉरन पोर्टफोलियो इन्वेस्टर्स ने इक्विटी मार्केट में कुल 62016 करोड़ का निवेश किया था. बॉन्ड मार्केट में 6,542 करोड़ रुपए निवेश किए गए.
अक्टूबर और नवंबर में भी भारी निवेश
उससे पहले, एफपीआई ने नवंबर माह में इक्विटी में सर्वाधिक 60,358 करोड़ रुपए निवेश किये थे. शुद्ध रूप से कुल निवेश दिसंबर महीने में 68,558 करोड़ रुपए रहा. आंकड़े के अनुसार एफपीआई अक्टूबर और नवंबर में शुद्ध रूप से लिवाल रहे थे. विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने अक्टूबर में 22,033 करोड़ रुपए तथा नवंबर में 62,951 करोड़ रुपए निवेश किए.
Next Story





