व्यापार
भारत सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बनी रहेगी, अमेरिका के साथ व्यापार वार्ता पटरी पर: केंद्रीय मंत्री
jantaserishta.com
30 May 2025 12:24 PM IST

x
नई दिल्ली: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत एक आकर्षक निवेश गंतव्य है और अगले 30 वर्षों तक दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था बने रहने की क्षमता रखता है।
केंद्रीय मंत्री गोयल ने कहा कि देश ने 6-7 प्रतिशत की निरंतर वृद्धि दर बनाए रखी है और स्थिर कीमतों पर इसे 8 प्रतिशत तक ले जाने की उम्मीद है। सीआईआई ‘एनुअल बिजनेस समिट 2025’ में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उथल-पुथल के बावजूद हम बेहतर प्रदर्शन करने वाले उभरते बाजारों में से हैं।
उन्होंने कहा, "आज भारत के पास दुनिया का चौथा सबसे बड़ा विदेशी मुद्रा भंडार है, जो लगभग 690 अरब डॉलर है। पिछले तीन महीनों से हमारी मुद्रास्फीति 4 प्रतिशत से नीचे बनी हुई है। रिजर्व बैंक ने लिक्विडिटी और मुद्रा प्रबंधन को संतुलित करने में सराहनीय काम किया है।" केंद्रीय मंत्री गोयल ने भारत को एक आकर्षक निवेश गंतव्य के रूप में उजागर किया।
उन्होंने कहा, "पिछले 20-25 वर्षों में भारतीय कंपनियों ने लगभग 20 प्रतिशत सीएजीआर का रिटर्न दिया है, जिससे भारत एक महत्वपूर्व निवेश गंतव्य बन गया है। एफडीआई प्रवाह लगातार रिकॉर्ड तोड़ रहा है। हम अंतरराष्ट्रीय व्यापार संबंधों के माध्यम से विकास पथ पर वापस आ गए हैं।" केंद्रीय मंत्री ने विभिन्न मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) पर प्रगति की जानकारी दी, जिसमें यूएई, ऑस्ट्रेलिया, यूके, चार ईएफटीए देश (आइसलैंड, लिकटेंस्टीन, नॉर्वे और स्विट्जरलैंड) और अमेरिका के साथ चल रहे द्विपक्षीय व्यापार समझौते की वार्ता शामिल हैं।
उन्होंने कहा, "हम अमेरिका के साथ अपने द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर अच्छी तरह से आगे बढ़ रहे हैं और यूरोपीय संघ के 27 देशों के समूह के साथ तेजी से प्रगति कर रहे हैं। हमने न्यूजीलैंड के साथ भी बातचीत शुरू की है।"
ईएफटीए देशों ने अगले 15 वर्षों में भारत में 100 अरब डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) करने की प्रतिबद्धता जताई है। इसके कुल 500 अरब डॉलर के निवेश में तब्दील होने की उम्मीद है। इसके अलावा इस निवेश के इर्द-गिर्द जो बड़ा इकोसिस्टम बनाया जाएगा, उसमें 500 अरब डॉलर अतिरिक्त आकर्षित करने की क्षमता है। केंद्रीय मंत्री गोयल ने कहा, "हम छोटे लक्ष्य नहीं रख रहे हैं।"
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस आंकड़े में नॉर्वेजियन पेंशन फंड से निवेश शामिल नहीं है। उन्होंने आगे बताया कि यह दुनिया का पहला मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) है। केंद्रीय मंत्री गोयल ने भारत की निरंतर आर्थिक प्रगति पर गर्व व्यक्त किया और कहा कि आईएमएफ ने अनुमान लगाया है कि 2027 तक भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी जीडीपी होगी। उन्होंने कहा कि वैश्विक अस्थिरता, अनिश्चितता और जटिलता के बावजूद, भारत सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना हुआ है और अपने विकास के माध्यम से वैश्विक विकास को शक्ति प्रदान करना जारी रखे हुए हैं।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





