व्यापार
गोल्ड खरीदारों के लिए खुशखबरी, 1,400 रुपए से अधिक कम हुई कीमत
jantaserishta.com
8 May 2025 4:00 PM IST

x
नई दिल्ली: सोने के खरीदारों के लिए खुशखबरी है और गुरुवार को सोने के दाम में 1,400 रुपए से अधिक की गिरावट देखी गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के मुताबिक, 24 कैरेट के 10 ग्राम सोने का दाम 1,402 रुपए घटकर 96,024 रुपए हो गया है, जो कि इससे पहले 97,426 रुपए प्रति 10 ग्राम था। 22 अप्रैल को 24 कैरेट सोने का भाव 1,00,000 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया था।
वहीं, 22 कैरेट सोने का दाम कम होकर 93,720 रुपए प्रति 10 ग्राम, 20 कैरेट सोने की कीमत कम होकर 85,460 रुपए प्रति 10 ग्राम और 18 कैरेट सोने का भाव कम होकर 77,780 रुपए प्रति 10 ग्राम है। सोने की कीमतों में कमी आने की वजह इंटरनेशनल बाजार में दाम गिरना है। सोना 1.42 प्रतिशत गिरकर 3,343 डॉलर प्रति औंस पर आ गया है। इससे पहले अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का दाम 3,400 डॉलर प्रति औंस पर था।
चांदी की कीमत में भी कमी देखने को मिली है। एक किलो चांदी का भाव 1,174 रुपए कम होकर 94,600 रुपए प्रति किलो हो गया है। इससे पहले चांदी का दाम 95,774 रुपए प्रति किलो था। कामा ज्वेलरी के एमडी कोलिन शाह ने कहा कि वैश्विक तनाव के कारण मध्यम अवधि में सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। 24 कैरेट के 10 ग्राम सोने की कीमत 96,000 रुपए से 97,000 रुपए प्रति 10 ग्राम के बीच रहने की संभावना है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने का दाम 3,400 डॉलर प्रति औंस से 3,500 डॉलर प्रति औंस के बीच रह सकता है।
इस साल की शुरुआत से अब तक सोने की कीमतों में 26 प्रतिशत की तेजी आ चुकी है। 24 कैरेट के सोने का दाम 1 जनवरी को 76,162 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था, जो कि 8 मई को 96,024 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है।
वहीं, चांदी ने इस साल की शुरुआत से अब तक करीब 10 प्रतिशत का रिटर्न दिया है। चांदी का दाम 1 जनवरी को 86,017 रुपए प्रति किलो पर था, जो कि 8 मई को 94,600 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गया है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





