व्यापार
देश में तेजी से बढ़ा गोल्ड लोन बाजार, 23.3 लाख करोड़ हुआ आंकड़ा
Tara Tandi
25 Nov 2026 4:27 PM IST

x
नई दिल्ली: बुधवार को जारी एक रिपोर्ट के अनुसार, सितंबर 2026 तक भारत के गोल्ड लोन (सोने के बदले ऋण) बाजार में मजबूत तेजी बनी रही। इस दौरान बकाया पोर्टफोलियो सालाना आधार पर 60.6 प्रतिशत बढ़कर 23.3 लाख करोड़ रुपये हो गया, जबकि सक्रिय ऋणों की संख्या 14 प्रतिशत बढ़कर 10.2 करोड़ हो गई।
CRIF क्रेडिट इंफॉर्मेशन सर्विसेज की रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत के 185.2 लाख करोड़ रुपये के रिटेल लोन पोर्टफोलियो में गोल्ड लोन की हिस्सेदारी 12.6 प्रतिशत रही, जो एक साल पहले की तुलना में 3.3 प्रतिशत अधिक है। लोन की संख्या की तुलना में पोर्टफोलियो वैल्यू में हुई भारी वृद्धि यह दर्शाती है कि यह विकास मुख्य रूप से 'एवरेज टिकट साइज' (प्रति लोन दी जाने वाली औसत राशि) में बढ़ोतरी के कारण हुआ है।
रिपोर्ट के अनुसार, बकाया पोर्टफोलियो सितंबर 2024 के 10.7 लाख करोड़ रुपये से दोगुने से भी अधिक होकर सितंबर 2026 में 23.3 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जबकि सक्रिय ऋणों की संख्या 8.1 करोड़ से बढ़कर 10.2 करोड़ हो गई।
प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्र (प्रायोरिटी सेक्टर) के गोल्ड लोन 8.2 लाख करोड़ रुपये रहे, जो कुल गोल्ड लोन पोर्टफोलियो का 35.1 प्रतिशत है।
सितंबर 2025 और सितंबर 2026 के बीच, कुल 'पोर्टफोलियो एट रिस्क' (31 से 180 दिनों की श्रेणी) में सुधार हुआ और यह 2 प्रतिशत से घटकर 1.7 प्रतिशत पर आ गया। वहीं, 'पोर्टफोलियो एट रिस्क' (31 से 900 दिनों की श्रेणी) में जून 2026 से सितंबर 2026 के बीच 0.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही (Q2 FY27) में गोल्ड लोन ओरिजिनेशन (नए लोन जारी करने) की वैल्यू 27.2 प्रतिशत की सालाना वृद्धि के साथ 8.15 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई। हालांकि, नए लोन खातों की संख्या सालाना आधार पर 4.1 प्रतिशत घटकर 369.4 लाख रह गई, और तिमाही आधार पर इसमें 0.9 प्रतिशत की कमी आई। वैल्यू और वॉल्यूम के बीच का यह अंतर बताता है कि कर्ज लेने वाले अब प्रति खाता काफी बड़ा लोन ले रहे हैं। गोल्ड लोन लेने वालों की संख्या सितंबर 2023 में 3.7 करोड़ से बढ़कर सितंबर 2026 में 5.6 करोड़ हो गई, जो तीन साल में 15.6 प्रतिशत की CAGR (कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट) को दर्शाती है।
महिला गोल्ड लोन लेने वालों की संख्या 16 प्रतिशत की CAGR से बढ़कर 2.4 करोड़ हो गई, जबकि टियर-3 और उससे छोटे शहरों से लोन लेने वालों की संख्या 16.1 प्रतिशत की CAGR से बढ़कर 3.7 करोड़ हो गई।
रिपोर्ट में बताया गया है कि जोखिम और कर्ज लेने वालों के जमाव (कंसंट्रेशन) के रुझान मिले-जुले हैं; बहुत अधिक जोखिम वाले कर्ज लेने वालों का हिस्सा सितंबर 2024 में 14.8 प्रतिशत से बढ़कर सितंबर 2026 में 16.7 प्रतिशत हो गया है।
Next Story





