व्यापार

एशिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बने गौतम अडाणी, इस साल में करीब दोगुनी हुई उनकी संपत्ति

Deepa Sahu
20 May 2021 1:29 PM GMT
एशिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बने गौतम अडाणी, इस साल में करीब दोगुनी हुई उनकी संपत्ति
x
भारत के दिग्गज उद्योगपति गौतम अडाणी (Gautam Adani) एशिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं।

नई दिल्ली, भारत के दिग्गज उद्योगपति गौतम अडाणी (Gautam Adani) एशिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलिनियर्स इंडेक्स के मुताबिक संपत्ति के मामले में चीन को झोंग शानशान (Zhong Shanshan) को पछाड़कर अडाणी ने यह स्थान हासिल किया है। अडाणी समूह के कंपनियों के शेयरों में पिछले कुछ माह में जबरदस्त तेजी की बदौलत वैश्विक धनकुबेरों की लिस्ट में गौतम अडाणी के स्थान में लगातार सुधार हुआ है। वह ब्लूमबर्ग की इस लिस्ट में 14वें स्थान पर पहुंच गए हैं। एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी 13वें स्थान पर हैं। इस तरह अडाणी ब्लूमबर्ग लिस्ट में अंबानी से एक पायदान ही पीछे हैं।

Bloomberg Billionaire Index के मुताबिक अडाणी का कुल नेट वर्थ 66.5 बिलियन डॉलर पर पहुंच गया है। इस साल अडाणी की संपत्ति में 32.7 डॉलर का इजाफा हुआ है। वहीं, अंबानी की कुल संपत्ति 76.5 बिलियन डॉलर आंकी गई है। वहीं, शानशान के कुल नेट वर्थ का मूल्यांकन 63.6 बिलियन डॉलर किया गया है।
फरवरी में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी चीन के शानशान को पीछे छोड़ते हुए एक बार फिर एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए थे। वर्ष 2021 की शुरुआत में चीन के उद्योगपति शानशान दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में छठे स्थान पर पहुंच गए थे। उनकी दो कंपनियों की लिस्टिंग के बाद शानशान की संपत्ति में उल्लेखनीय बढ़ोत्तरी हुई थी।


Next Story