भारत-EU मुक्त व्यापार समझौते में टैरिफ के साथ गैर-टैरिफ मुद्दों पर भी चर्चा तेज

New Delhi नई दिल्ली: भारत ने यूरोपीय संघ (EU) के साथ प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) में वास्तविक प्रगति के लिए आयात शुल्क के साथ-साथ गैर-टैरिफ बाधाओं (NTBs) को भी समान प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया है। यह बात वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और यूरोपीय ट्रेड आयुक्त मारोस सेफकोविच के बीच ब्रसेल्स में हुई बैठक के दौरान सामने आई।
वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, भारत ने ज़ोर दिया कि केवल टैरिफ में राहत से नहीं, बल्कि गैर-टैरिफ नीतियों में भी लचीलापन लाकर ही व्यापारिक सहयोग को प्रभावी बनाया जा सकता है। भारत पहले भी कई बार EU बाजार में घरेलू उद्योगों को आने वाली गैर-टैरिफ बाधाओं को लेकर चिंता जता चुका है।
दोनों पक्षों ने 2025 के अंत तक FTA को अंतिम रूप देने के लिए मासिक वार्ताओं और वर्चुअल बैठकों के माध्यम से चर्चा जारी रखने पर सहमति जताई है। अगला दौर 12 से 16 मई तक होना तय है।यह समझौता डिजिटल व्यापार, विविध और मजबूत सप्लाई चेन, नवाचार और प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के लिए तैयार किया जा रहा है।





