व्यापार
वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत : सीईए नागेश्वरन
jantaserishta.com
13 Dec 2025 4:04 PM IST

x
नई दिल्ली: पूरी दुनिया में आर्थिक अनिश्चितता के माहौल के बावजूद भारत एक मजबूत और भरोसेमंद अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है। मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंत नागेश्वरन ने शनिवार को बीएसई के एक कार्यक्रम में बोलते हुए कहा कि भारत करीब 6.5 प्रतिशत की मजबूत ग्रोथ रेट, बेहतर वित्तीय स्थिति, मजबूत घरेलू मांग और लगातार हो रहे संरचनात्मक सुधारों के दम पर आगे बढ़ रहा है।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के एक कार्यक्रम में बोलते हुए नागेश्वरन ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था लंबी अवधि में टिकाऊ विकास के लिए अच्छी स्थिति में है। तकनीक का बढ़ता इस्तेमाल, बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास और भारत की युवा आबादी देश की आर्थिक गति को बनाए रखने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
इस मौके पर बीएसई इंडिया के एमडी और सीईओ सुंदरारामन राममूर्ति ने भी भारत की आर्थिक मजबूती और कैपिटल मार्केट यानी पूंजी बाजार की ताकत को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि सरकार के सकारात्मक और दूरदर्शी फैसलों से देश की आर्थिक बुनियाद मजबूत हुई है और निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। कैपिटल मार्केट लंबे समय तक संपत्ति बनाने का एक मजबूत माध्यम बना हुआ है, जिसमें पारदर्शिता और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए नियामक संस्थाओं की अहम भूमिका रही है।
राममूर्ति ने आगे कहा कि जैसे-जैसे भारत ‘विकसित भारत’ की ओर बढ़ रहा है, गहरे सुधार, घरेलू निवेशकों की बढ़ती भागीदारी और तकनीक देश की समावेशी और टिकाऊ विकास यात्रा को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि बीएसई टिकाऊ और इनोवेशन आधारित पूंजी निर्माण को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
वहीं, मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के चेयरमैन और सह-संस्थापक रामदेव अग्रवाल ने भी पूंजी बाजार को लेकर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि भारत अब मल्टी-ट्रिलियन डॉलर ग्रोथ फेज में पहुंच चुका है, जहां अर्थव्यवस्था और शेयर मार्केट दोनों अभूतपूर्व तरीके से आगे बढ़ने वाले हैं। बढ़ती घरेलू बचत, निवेशकों की बढ़ती भागीदारी और मजबूत बाजार संस्थानों के चलते भारत दुनिया के सबसे मजबूत और अवसरों से भरपूर पूंजी बाजारों में शामिल हो रहा है।
रामदेव अग्रवाल ने निवेशकों को सलाह दी कि आने वाला दशक उन लोगों का होगा जो अनुशासन के साथ निवेश करेंगे और देश की ग्रोथ स्टोरी का हिस्सा बनेंगे।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





