व्यापार

बुलडोजर की डिमांड बढ़ी, कीमतों में इतने लाख तक का उछाल आया

jantaserishta.com
22 March 2022 8:21 AM IST
बुलडोजर की डिमांड बढ़ी, कीमतों में इतने लाख तक का उछाल आया
x

गोरखपुर: यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में बुलडोजर की चर्चा हर जुबान पर रही। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 'बुलडोजर बाबा' के नाम से लोकप्रिय हो गए। बुलडोजर पर चढ़कर जश्न मनाने वाली तस्वीरें आम रहीं। इसका असर बाजार पर भी हुआ। अचानक बुलडोजर की मांग बढ़ गई है।

प्रशंसक मुख्यमंत्री को चांदी का बुलडोजर भेंट कर रहे हैं तो वहीं खिलौनों की दुकानों पर बच्चे बुलडोजर की मांग कर रहे हैं। नगर निगमों, नगर पंचायतों और निर्माण एजेंसियों की ओर से मांग बढ़ने का नतीजा है कि सालभर में इसकी कीमतों में छह लाख तक का उछाल आ गया है।
हेलीकॉप्टर से सभा में जा रहे योगी द्वारा बुलडोजर दिखाने का वीडियो वायरल होने का मामला हो या फिर चुनाव में जीत के बाद गोरखनाथ मंदिर में बुलडोजर की परेड। देखते ही बुलडोजर छा गया। नगर निगम से लेकर नगर पंचायतों में अतिक्रमण ध्वस्त करने के लिए जेसीबी की खरीद हो रही है। नगर निगम में उपनगर आयुक्त संजय शुक्ला का कहना है कि 25-25 लाख कीमत के पांच बुलडोजर की खरीद की जा रही है। गोरखपुर में बुलडोजर की दुकानों पर ऑर्डर मिलने लगे हैं। देवरिया बाईपास पर बुलडोजर के दुकानदार प्रवीण सिंह बताते हैं कि कोरोना काल में निर्माण से लेकर खनन के कार्य में बंदिश के चलते बुलडोजर की डिमांड में कमी थी। लेकिन योगी सरकार की दोबारा जीत के बाद पूछताछ बढ़ गई है। अप्रैल में अच्छी संख्या में बुलडोजर की डिलिवरी होगी। प्रवीण के मुताबिक हकीकत यही है कि बुलडोजर की कीमतों में चार से छह लाख रुपये की बढ़ोतरी सिर्फ एक साल में हो गई है। कच्चे माल की कीमतों और बीएस-फोर के चलते भी कीमतें बढ़ी हैं। कोरोना काल से पहले एक साल में गोरखपुर में 200 बुलडोजर की बिक्री होती थी। इस बार 300 के पार जाने की उम्मीद है।
बुलडोजर हो या फिर जेसीबी ये नाम ब्रांड के हैं। कारोबारी प्रवीण सिंह का कहना है कि आगे और पीछे दोनों ओर से बैकोलोडर काम करता है।
पिचकारी के थोक कारोबारी मनीष पटवा बताते हैं कि होली में बुलडोजर वाली पिचकारी की काफी मांग रही। अगली होली के लिए अभी से ही दिल्ली की फर्मों को ऑर्डर दे दिया गया है। वहीं खिलौनों की दुकानों पर भी क्रेन या बुलडोजर की डिमांड है। कारोबारी अमन के मुताबिक अभी तक क्रेन खिलौने के रूप में आती थी, जिसकी कीमत 150 से 400 रुपये के बीच है। अब बुलडोजर की मांग बढ़ गई है। मुख्यमंत्री को भेंट करने और होली समारोहों को लेकर भी बुलडोजर की मांग बढ़ गई है। फूलों के कारोबारी समीर राय बताते हैं कि राप्तीनगर में होली मिलन समारोह में महापौर को बुलडोजर दिया गया था। मांग को देखते हुए थोक कारोबारी इसे बड़ी संख्या में मंगा रहे हैं। बुलडोजर के प्रतीक 150 से 700 रुपये तक में उपलब्ध हैं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story