कार बनाने वाली कंपनियों को अब पूरी गाड़ी और उसके सभी पुर्जे अमेरिका में ही बनाना होगा: ट्रंप

Business बिजनेस: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि देश में कार बनाने वाली कंपनियों को अब पूरी गाड़ी और उसके सभी पुर्जे अमेरिका में ही बनाना होगा, न कि विदेशों से आयात करना। यह टिप्पणी उन्होंने टेस्ला के सीईओ एलोन मस्क के व्हाइट हाउस में वरिष्ठ सलाहकार के आखिरी दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
ट्रंप ने बताया कि पहले कार के पुर्जे कनाडा, मैक्सिको और यूरोप जैसे देशों से आते थे, जिससे सप्लाई चेन जटिल हो जाती थी। लेकिन अब अगले साल से सभी कार के पुर्जे और असेंबलिंग अमेरिका में ही होगी।
ट्रंप प्रशासन ने इस साल आयातित वाहनों और ऑटो पार्ट्स पर 25% टैरिफ लगाया है, जिससे वाहन निर्माण कंपनियों की सप्लाई चेन प्रभावित हो सकती है और कारों की कीमतें बढ़ सकती हैं।
हालांकि टेस्ला अपनी इलेक्ट्रिक कारें अमेरिका में बनाता है, लेकिन इसके कुछ महत्वपूर्ण पार्ट्स विदेशों से आते हैं। अभी टेस्ला की ओर से इस संबंध में कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।





