व्यापार

बड़ी खबर: 14 रुपए तक सस्ता हो सकता है पेट्रोल-डीजल

Admin Delhi 1
30 Nov 2022 1:54 PM GMT
बड़ी खबर: 14 रुपए तक सस्ता हो सकता है पेट्रोल-डीजल
x

दिल्ली: महंगाई की मार झेल रहे देशवासियों के लिए यह खबर राहत वाली है। बताया जा रहा है कि कच्चे तेल के दाम गिरने से देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 14 रुपए तक की कमी आ सकती है। हांलाकि इसको लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बता दें कि इंटरनेशनल बाजार में कच्चे तेल (ब्रेंट) की कीमत जनवरी से निचले स्तर पर हैं। यह अब 81 डॉलर से नीचे आ गया है। अमेरिकी क्रूड 74 डॉलर प्रति बैरल के करीब है। खास तौर पर कच्चे तेल की कीमत में बड़ी गिरावट से भारतीय रिफाइनरी के लिए कच्चे तेल की औसत कीमत (इंडियन बास्केट) घटकर 82 डॉलर प्रति बैरल रह गई है। मार्च में ये 112.8 डॉलर थी। इस हिसाब से 8 महीने में रिफाइनिंग कंपनियों के लिए कच्चे तेल के दाम 31 डॉलर (27%) कम हो गए हैं।

एसएमसी ग्लोबल के मुताबिक, क्रूड में 1 डॉलर गिरावट आने पर देश की तेल कंपनियों को रिफाइनिंग पर प्रति लीटर 45 पैसे की बचत होती है। इस हिसाब से पेट्रोल-डीजल के दाम 14 रु. प्रति लीटर तक कम होने चाहिए। हालांकि, विशेषज्ञों के मुताबिक पूरी कटौती एक बार में नहीं होगी। अभी देश में पेट्रोल और डीजल की जो कीमतें हैं, उसके हिसाब से क्रूड ऑयल का इंडियन बास्केट करीब 85 डॉलर प्रति बैरल होना चाहिए, लेकिन ये 82 डॉलर के आसपास आ गया है। इस भाव पर ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को प्रति बैरल (159 लीटर) रिफाइनिंग पर करीब 245 रुपए की बचत होगी।

Next Story