व्यापार
गजब! लॉन्च से पहले सामने आया डिजाइन, OnePlus Nord 2 में होगा वनप्लस 9 जैसा कैमरा
Shubhra Nandy
18 July 2021 2:32 PM IST

x
भारत में 22 जुलाई को OnePlus Nord 2 5G स्मार्टफोन लॉन्च होने वाला है।
भारत में 22 जुलाई को OnePlus Nord 2 5G स्मार्टफोन लॉन्च होने वाला है। पिछले काफी दिनों से फोन के स्पेसिफिकेशंस और फीचर्स से जुड़ी रिपोर्ट्स सामने आ रही हैं। साथ ही वनप्लस ने भी कुछ मुख्य फीचर्स का खुलासा पहले ही कर दिया है। अब कंपनी ने अपनी एक इंस्टाग्राम पोस्ट में फोन का रियर पैनल भी दिखा दिया है। इस तरह लॉन्चिंग से पहले ही वनप्लस नॉर्ड 2 का पूरा डिजाइन सामने आ चुका है।
नई तस्वीर से साफ हो गया है कि स्मार्टफोन में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया जाएगा। कैमरा सेटअप का डिजाइन काफी हद तक OnePlus 9 की ही तरह है, जिसमें दो बड़े सेंसर, तीसरा छोटा सेंसर और एक LED फ्लैश है। फोन के बीच में Oneplus का लोगो बना है। तस्वीर से यह भी पता लगता है कि स्मार्टफोन ब्लू हेज कलर ऑप्शन में आने वाला है।
ऐसा होगा फोन का कैमरा
कैमरा सेंसर्स की बात करें तो वनप्लस पहले ही कन्फर्म कर चुकी है कि स्मार्टफोन में 50MP का Sony IMX766 सेंसर मिलने वाला है। यह वही सेंसर है जिसका इस्तेमाल वनप्लस 9 में किया गया है। यह सेंसर OIS (ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइजेशन) सपोर्ट करता है। इसके साथ में 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड लेंस और एक 2 मेगापिक्सल का सेंसर दिया जा सकता है। सेल्फी के लिए इसमें 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिल सकता है।
फोन के संभावित फीचर्स
वनप्लस पहले ही बता चुकी है कि स्मार्टफोन में 90Hz रिफ्रेश रेट और HDR10+ सपोर्ट के साथ 6.43 इंच का AMOLED डिस्प्ले दिया जाएगा। इसमें मीडियाटेक डाइमेंसिटी 1200 AI प्रोसेसर के साथ 12 जीबी तक की रैम और 256 जीबी तक की स्टोरेज मिल सकती है। इस फोन में आपको 4500mAh की बैटरी मिल सकती है, जो 65 वॉट की फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करेगी।
Next Story





