व्यापार

अडाणी ग्रुप के सभी 10 शेयरों में तेजी, 48 घंटो में ही 30% चढ़ा अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर

suraj
23 May 2023 11:24 AM GMT
अडाणी ग्रुप के सभी 10 शेयरों में तेजी, 48 घंटो में ही 30% चढ़ा अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर
x

बिज़नेस: आखिरी घंटे में बिकवाली से आज यानी मगंलवार (23 मई) को भारतीय शेयर बाजार फ्लैट बंद हुआ। सेंसेक्स 0.03% या 18 अंक चढ़कर 61,980 पर पहुंच गया। इसके 30 में से 13 शेयरों में खरीदारी और 17 में बिकवाली रही। वहीं निफ्टी 0.18% या 34 अंक बढ़कर बंद हुआ।

आज अडाणी ग्रुप के सभी 10 स्टॉक्स में तेजी रही। सबसे ज्यादा अडाणी एंटरप्राइजेज 13.49% चढ़कर 2640 रुपए पर बंद हुआ। इससे पहले सोमवार को भी ये 19.55% चढ़कर 2,338 रुपए पर बंद हुआ था। यानी दो दिन में ही इसका शेयर 30% से ज्यादा चढ़ गया है। अडाणी ग्रुप की 10 कंपनियों का मार्केट कैप भी 10 लाख करोड़ को पार कर गया है।

अडाणी के शेयरों में तेजी का कारण?

सुप्रीम कोर्ट की ओर से नियुक्त पैनल को अडाणी ग्रुप की कंपनियों में स्टॉक प्राइस के हेरफेर का कोई सबूत नहीं मिला है। इसके बाद अडाणी ग्रुप के शेयरों में तेजी आई। वहीं एमके ग्लोबल के टेक्निकल एनालिस्ट कपिल शाह ने कहा कि अडाणी एंटरप्राइजेज 26 कारोबारी सत्रों में 1,800 से 2,000 के दायरे में रहा था। अब स्टॉक ने ऊपरी बैंड को पार कर लिया है।

GQG पार्टनर्स ने अडाणी ग्रुप में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई

इन्वेस्टर राजीव जैन की GQG पार्टनर्स ने अडाणी ग्रुप में अपनी हिस्सेदारी बढ़ा दी है। हालांकि किस कंपनी के कितने शेयर उन्‍होंने खरीदे हैं, इस बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। अडाणी ग्रुप में GQG की हिस्सेदारी 3.5 बिलियन डॉलर यानी 28 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा हो चुकी है। मार्च में भी GQG ने अडाणी ग्रुप में 15,446 करोड़ रुपए का निवेश किया था।

राजीव जैन ने को तीन महीने में मिला 65.18% का रिटर्न

राजीव जैन को ग्रुप की 4 कंपनियों में अपने निवेश के 3 महीने से भी कम समय में 65.18% का रिटर्न मिला है। वैल्यू के टर्म में 2 मार्च को GQG पार्टनर्स का 15,446.35 करोड़ रुपए का निवेश 23 मई के कारोबार में 25,515.50 रुपए हो गया। इस कमाई से वो 200 करोड़ डॉलर की नेटवर्थ के साथ फोर्ब्स बिलेनियर्स 2023 की लिस्ट में भी शामिल हो गए हैं।

मेटल इंडेक्स में सबसे ज्यादा 2.5% की मजबूती

आज के कारोबार में आईटी और रियल्‍टी को छोड़कर तकरीबन हर प्रमुख सेक्टर इंडेक्‍स निफ्टी पर हरे निशान में बंद हुए हैं। NSE पर निफ्टी मेटल इंडेक्स में सबसे ज्यादा 2.5% की मजबूती रही। इसके अलावा ऑटो और फार्मा शेयरों में भी जोरदार खरीदारी देखने को मिली। दोनों इंडेक्स आधे-आधे फीसदी की मजबूती के साथ बंद हुए।

कल मार्केट में रही थी बढ़त

इससे पहले सोमवार को सेंसेक्स 234 अंकों की बढ़त के साथ 61,963 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में भी 111 अंकों की तेजी रही, यह 18,314 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 में से 19 शेयरों में तेजी और 11 में गिरावट देखने को मिली थी।

Next Story