व्यापार
अदाणी ग्रुप की कच्छ कॉपर ने चिली के प्रमुख तांबा क्षेत्र में खोज के लिए कोडेल्को के साथ साझेदारी की
jantaserishta.com
12 Nov 2026 11:09 AM IST

x
अहमदाबाद: अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (एईएल) के पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी कच्छ कॉपर लिमिटेड (केसीएल) और चिली की कोडेल्को ने गुरुवार को उत्तरी चिली के एंटोफगास्टा क्षेत्र के कैलामा कॉपर बेल्ट में स्थित कबुरकाला परियोजना में रणनीतिक अन्वेषण साझेदारी का ऐलान किया।
दोनों कंपनियों के बीच यह साझेदारी महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में भारत और चिली के बीच सहयोग को मजबूत करेगा। यह साझेदारी ऐसे समय में हुई है, जब दोनों देशों के लिए संसाधनों की सुरक्षा एक रणनीतिक प्राथमिकता बन गई है।
अदाणी ग्रुप के लिए यह प्रस्तावित साझेदारी वैश्विक स्तर पर विविधीकृत और एकीकृत तांबा मूल्य श्रृंखला विकसित करने की दिशा में एक रणनीतिक कदम है। इसके तहत चिली में तांबे के खनिज संसाधनों को भारत के मुंद्रा स्थित तांबा स्मेल्टर परिसर से जोड़ा जाएगा। इससे ऐसे खनिज की दीर्घकालिक आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी, जो विद्युतीकरण और वैश्विक ऊर्जा बदलाव के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
केसीएल के निदेशक जीत अदाणी ने कहा, "तांबे जैसे महत्वपूर्ण संसाधन हमारे भविष्य के बदलाव के केंद्र में हैं। हम इस रणनीतिक साझेदारी को सिर्फ खनन परिसंपत्ति के रूप में नहीं, बल्कि भारत के भविष्य में दीर्घकालिक निवेश के रूप में देखते हैं। वैश्विक तांबा संसाधनों तक मजबूत पहुंच सुनिश्चित करके हम उन महत्वपूर्ण उद्योगों के लिए आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत कर रहे हैं, जो देश की विकास यात्रा को गति दे रहे हैं। इनमें नवीकरणीय ऊर्जा, उन्नत विनिर्माण, बुनियादी ढांचा और प्रौद्योगिकी क्षेत्र शामिल हैं।"
जीत अदाणी ने आगे कहा, "यह साझेदारी भारत की संसाधन सुरक्षा बढ़ाने और वैश्विक आर्थिक महाशक्ति बनने की उसकी यात्रा को समर्थन देने की हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।" वहीं, कोडेल्को के लिए यह पहल सार्वजनिक-निजी भागीदारी के माध्यम से अपने अन्वेषण पोर्टफोलियो से मूल्य सृजित करने की रणनीति का हिस्सा है। इसके तहत जोखिम साझा करते हुए विकास की क्षमता रखने वाली तांबा परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी।
कोडेल्को के बोर्ड के अध्यक्ष बर्नार्डो फॉन्टेन ने कहा, "यह समझौता ज्ञापन पिछले एक साल के दौरान अदाणी समूह के साथ किए गए हमारे काम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह प्रक्रिया वैश्विक स्तर के साझेदारों को आकर्षित करने और अपने अन्वेषण पोर्टफोलियो से मूल्य सृजित करने की कोडेल्को की क्षमता को दर्शाती है। साथ ही, यह कंपनी और चिली सरकार के दीर्घकालिक हितों की रक्षा भी करती है।"
इस समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हाल ही में लंदन में आयोजित 'एलएमई वीक 2026' के दौरान जीत अदाणी, अदाणी नेचुरल रिसोर्सेज के सीईओ डॉ. विनय प्रकाश और बर्नार्डो फॉन्टेन की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए गए।
प्रस्तावित साझेदारी के तहत अदाणी समूह पूंजी, प्रौद्योगिकी आधारित अन्वेषण और बड़े पैमाने पर परियोजनाओं को क्रियान्वित करने की क्षमता उपलब्ध कराएगा। वहीं, कोडेल्को अपने गहन भूवैज्ञानिक ज्ञान और अंतरराष्ट्रीय अनुभव का योगदान देगा। इससे कबुरकाला परियोजना में अन्वेषण कार्य को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
दोनों कंपनियों का ध्यान जिम्मेदार अन्वेषण, सुरक्षा के उच्च मानकों, पर्यावरण संरक्षण और दीर्घकालिक मूल्य सृजन पर रहेगा। कच्छ कॉपर लिमिटेड गुजरात के मुंद्रा में दुनिया के सबसे बड़े एकल-स्थान वाले कस्टम तांबा स्मेल्टर परिसरों में से एक विकसित कर रही है। यह परिसर अत्याधुनिक तकनीक, डिजिटलीकरण और उच्च पर्यावरण, सामाजिक एवं प्रशासनिक (ईएसजी) मानकों पर आधारित होगा। इसका उद्देश्य महत्वपूर्ण धातुओं के मामले में भारत को आत्मनिर्भर बनाने में मदद करना है।
TagsAdani Group
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





