व्यापार

एसीसी का शुद्ध मुनाफा पहली तिमाही में बढ़कर 375 करोड़ रुपए हुआ, आय भी 18 प्रतिशत बढ़ी

jantaserishta.com
24 July 2025 4:37 PM IST
एसीसी का शुद्ध मुनाफा पहली तिमाही में बढ़कर 375 करोड़ रुपए हुआ, आय भी 18 प्रतिशत बढ़ी
x
मुंबई: अदाणी ग्रुप की सीमेंट कंपनी एसीसी का शुद्ध मुनाफा वित्त वर्ष 26 की पहली तिमाही में सालाना आधार पर 4.35 प्रतिशत बढ़कर 375.42 करोड़ रुपए हो गया है, जो कि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 359.74 करोड़ रुपए पर था।
स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में एसीसी ने बताया कि चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी की कुल आय सालाना आधार पर बढ़कर 6,036.11 करोड़ रुपए हो गई है, जो कि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की आय 5,113.05 करोड़ रुपए से 18 प्रतिशत अधिक है।
वित्त वर्ष 26 की जून तिमाही में कंपनी का ईबीआईटीडीए सालाना आधार पर 22.6 प्रतिशत बढ़कर 727 करोड़ रुपए हो गया है। वहीं, ईबीआईटीडीए मार्जिन बढ़कर 12.1 प्रतिशत हो गया है, जो कि पिछले वर्ष की समान अवधि में 11.6 प्रतिशत पर था। समीक्षा अवधि में कंपनी का कुल खर्च 4,787.69 करोड़ रुपए से बढ़कर 5,594.25 करोड़ रुपए हो गया है। जून तिमाही में, एसीसी ने 11.5 मिलियन टन की अपनी अब तक की सबसे अधिक पहली तिमाही की बिक्री दर्ज की, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 12 प्रतिशत की वृद्धि है।
वित्त वर्ष 26 की पहली तिमाही में कंपनी की सीमेंट व्यवसाय से आय 16.7 प्रतिशत बढ़कर 5,714.95 करोड़ रुपए हो गई है। समीक्षा अवधि के दौरान कंपनी की रेडी-मिक्स कंक्रीट सेगमेंट से आय भी 26.67 प्रतिशत बढ़कर 416.28 करोड़ रुपए हो गई है।
एसीसी के पूर्णकालिक निदेशक और सीईओ विनोद बहेटी ने कहा कि कंपनी का पहली तिमाही का मजबूत प्रदर्शन उसकी समग्र रणनीति की सफलता को दर्शाता है, जो प्रीमियम उत्पादों की बिक्री, संचालन में सुधार और लागत नेतृत्व बनाए रखने पर केंद्रित है। उन्होंने कहा, "मात्रा में निरंतर वृद्धि, दक्षता में वृद्धि और डिजिटल परिवर्तन पहल हमें अपने ग्राहकों और हितधारकों को अधिक मूल्य प्रदान करने में सक्षम बना रही है।"
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story