व्यापार

चांदी और कॉपर में गिरावट से मेटल शेयरों की फीकी पड़ी चाल, स्टॉक्स 6.35 प्रतिशत तक लुढ़के

jantaserishta.com
8 Jan 2026 5:18 PM IST
चांदी और कॉपर में गिरावट से मेटल शेयरों की फीकी पड़ी चाल, स्टॉक्स 6.35 प्रतिशत तक लुढ़के
x
नई दिल्ली: चांदी और कॉपर जैसी धातुओं में गिरावट का असर गुरुवार को मेटल शेयरों पर देखने को मिला। हिंदुस्तान जिंक, हिंदुस्तान कॉपर, नेशनल एल्युमिनियम कंपनी, एनएमडीसी और हिंडाल्को जैसे शेयरों में 6.35 प्रतिशत तक की गिरावट देखी गई।
हिंदुस्तान जिंक के शेयर 6.35 प्रतिशत की गिरावट के साथ 590 रुपए पर बंद हुए। यह देश में चांदी का उत्पादन करने वाली प्रमुख कंपनियों में से एक है। हिंदुस्तान कॉपर के शेयर 5.40 प्रतिशत की गिरावट के साथ 521.50 रुपए, नेशनल एल्युमिनियम कंपनी के शेयर 5.57 प्रतिशत और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज का शेयर 3.78 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ।
देश में खनिज उत्पादन करने वाली प्रमुख कंपनियों में से एक एनएमडीसी के शेयर 5.47 प्रतिशत की गिरावट के साथ 81.45 रुपए पर बंद हुए। बड़े मेटल स्टॉक्स में कमजोरी से निफ्टी मेटल इंडेक्स 3.40 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ और यह सत्र में सबसे अधिक गिरने वाला सूचकांक था। मेटल के शेयर में गिरावट की वजह धातुओं की कीमतों में बड़ी गिरावट होना है।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोना में आधा प्रतिशत से अधिक, चांदी में तीन प्रतिशत से अधिक और कॉपर में करीब 2 प्रतिशत की गिरावट देखी गई है। धातुओं की कीमत में गिरावट की वजह वैश्विक कमोडिटी इंडेक्स में रिबैलैंसिंग को माना जा रहा है, जिससे मेटल बाजार में बड़े निवेशक बिकवाली कर रहे हैं।
भारतीय शेयर बाजार कारोबारी सत्र में बड़ी बिकवाली के साथ बंद हुआ। बाजार में चौतरफा गिरावट देखने को मिली। दिन के अंत में सेंसेक्स 780.18 अंक या 0.92 प्रतिशत की गिरावट के साथ 84, 180.96 और निफ्टी 263.90 अंक या 1.01 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 25,876.85 पर था।
मेटल के अलावा निफ्टी एनर्जी 2.89 प्रतिशत, निफ्टी ऑयलएंडगैस 2.84 प्रतिशत, निफ्टी पीएसई 2.48 प्रतिशत, निफ्टी कमोडिटीज 2.40 प्रतिशत, निफ्टी पीएसयू बैंक 2.08 प्रतिशत, निफ्टी आईटी 1.99 प्रतिशत, निफ्टी रियल्टी 1.71 और निफ्टी फार्मा 1.39 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story