गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम स्थित एक नामी रेस्टोरेंट PAUL में खाने के अंदर कथित तौर पर जिंदा कीड़ा मिलने का मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ग्राहक द्वारा शेयर किए गए वीडियो में खाने के अंदर एक सफेद रंग का कीड़ा रेंगता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने रेस्टोरेंट की फूड हाइजीन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

जानकारी के मुताबिक, यह मामला गुरुग्राम के वन होराइजन सेंटर (One Horizon Centre) स्थित PAUL आउटलेट का बताया जा रहा है। ग्राहक सुलभ माथुर ने दावा किया कि वह दोस्तों के साथ नाश्ता करने पहुंचे थे, जहां उन्होंने कई डिश ऑर्डर की थीं। इसी दौरान एक सैंडविच में उन्हें जिंदा कीड़ा दिखाई दिया।
आधा सैंडविच खाने के बाद चला पता
ग्राहक के अनुसार, उन्होंने सैंडविच का कुछ हिस्सा खा लिया था, तभी उनकी नजर उसमें मौजूद कीड़े पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने तुरंत वीडियो रिकॉर्ड किया और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। वीडियो में खाने के अंदर कीड़ा चलता हुआ नजर आ रहा है, जिसे देखने के बाद कई यूजर्स ने नाराजगी जताई।
सुलभ माथुर ने सोशल मीडिया पोस्ट में इसे बेहद चिंताजनक बताते हुए फूड हाइजीन पर सवाल उठाए और ग्राहकों से सतर्क रहने की अपील की।
रेस्टोरेंट के बयान पर भड़के लोग
मामला वायरल होने के बाद PAUL इंडिया ने सफाई देते हुए कहा कि वह फूड सेफ्टी, हाइजीन और क्वालिटी स्टैंडर्ड को बेहद गंभीरता से लेता है। कंपनी ने कहा कि यह घटना उनके तय मानकों को प्रतिबिंबित नहीं करती और मामले की जांच की जा रही है।
हालांकि, सोशल मीडिया यूजर्स रेस्टोरेंट के बयान से संतुष्ट नजर नहीं आए। कई लोगों ने सवाल उठाया कि बयान में साफ तौर पर माफी क्यों नहीं मांगी गई। यूजर्स ने लिखा कि सिर्फ सफाई देने के बजाय ग्राहकों से जवाबदेही और माफी जरूरी थी।
फूड सेफ्टी को लेकर उठे सवाल
इस घटना के बाद बड़े रेस्टोरेंट और कैफे में मिलने वाले खाने की गुणवत्ता को लेकर बहस शुरू हो गई है। लोगों का कहना है कि महंगे और प्रतिष्ठित रेस्टोरेंट से बेहतर गुणवत्ता और साफ-सफाई की उम्मीद की जाती है।
वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की ओर से भी मामले की जांच की बात सामने आई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि खाने में कीड़ा कैसे पहुंचा और क्या फूड हैंडलिंग प्रक्रिया में कोई लापरवाही हुई।
सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा
वीडियो वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में यूजर्स ने अपनी प्रतिक्रिया दी। कई लोगों ने रेस्टोरेंट प्रबंधन से सार्वजनिक माफी और सख्त कार्रवाई की मांग की। कुछ यूजर्स ने कहा कि खाने की गुणवत्ता में ऐसी लापरवाही ग्राहकों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।
फिलहाल PAUL प्रबंधन ने जांच की बात कही है, जबकि ग्राहक और सोशल मीडिया यूजर्स मामले में स्पष्ट जवाब और जिम्मेदारी तय करने की मांग कर रहे हैं।
Tags: