लाहौर: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक महिला सरकारी अधिकारी का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अधिकारी एक तंदूर पर रोटियों की कीमत और वजन की जांच करती नजर आ रही हैं। इसी दौरान रोटी का वजन 90 ग्राम बताते समय वह कथित तौर पर इसे '90 रुपये' बोल देती हैं। उनकी इस छोटी-सी चूक को लेकर सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई है। लोग वीडियो पर मजेदार टिप्पणियां कर रहे हैं। यह वीडियो पंजाब एनफोर्समेंट एंड रेगुलेटरी अथॉरिटी (PERA) की अधिकारी का बताया जा रहा है। इसे संस्था के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा किया गया था। वीडियो लाहौर के निश्तार तहसील क्षेत्र के एक तंदूर पर की गई जांच का है। इस अभियान का उद्देश्य सरकारी निर्धारित कीमतों और रोटी के वजन से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित करना था।
तंदूर पर पहुंचकर की कीमत और वजन की जांच
वीडियो में महिला अधिकारी एक तंदूर संचालक से दुकान और वहां बेची जाने वाली रोटियों के बारे में सवाल करती दिखाई देती हैं। वह दुकानदार से पूछती हैं कि एक रोटी कितने रुपये में बेची जा रही है। दुकानदार जवाब देता है कि वह रोटी 18 से 20 रुपये में बेचता है। इस पर अधिकारी उसे सरकारी निर्धारित दर की जानकारी देती हैं। वह कहती हैं कि रोटी की सरकारी कीमत 14 रुपये तय है और कुछ छूट के साथ इसे अधिकतम 17 रुपये में बेचा जा सकता है, बशर्ते उसका वजन निर्धारित मानक के अनुरूप हो। अधिकारी इसके बाद दुकानदार से रोटी का वजन करवाने के लिए कहती हैं। इसी दौरान वीडियो में वह वजन को 90 ग्राम के बजाय '90 रुपये' बोलती सुनाई देती हैं। बाद में वह स्पष्ट करती हैं कि रोटी का वजन 100 ग्राम के निर्धारित मानक से कम यानी 90 ग्राम है।
दुकानदार ने बताई महंगाई की परेशानी
जांच के दौरान दुकानदार ने भी अपनी परेशानियां सामने रखीं। उसका कहना था कि आटे और ईंधन की कीमतें बढ़ने के कारण निर्धारित सरकारी दर पर रोटी बेचना मुश्किल हो रहा है। उसने यह भी बताया कि उसे सरकारी सब्सिडी वाला आटा आसानी से उपलब्ध नहीं हो पाता। दुकानदार ने तर्क दिया कि तंदूर चलाने में लकड़ी और अन्य ईंधन पर भी खर्च होता है। ऐसे में निर्धारित कीमत पर कारोबार करना उसके लिए चुनौतीपूर्ण है। महिला अधिकारी ने उसे सरकारी दरों और नियमों का पालन करने के साथ तंदूर पर अनिवार्य रेट लिस्ट प्रदर्शित करने की हिदायत दी। उन्होंने दुकानदार को आटे की उपलब्धता के लिए संबंधित मिलों और सरकारी मान्यता प्राप्त दुकानों से संपर्क करने की सलाह भी दी।
जुर्माने की बात पर भी हुई चर्चा
वीडियो के अंतिम हिस्से में महिला अधिकारी दुकानदार को बताती हैं कि उसके मोबाइल नंबर पर कार्रवाई से संबंधित संदेश भेजा जाएगा। भुगतान के लिए जैजकैश या ईजीपैसा जैसे डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल किया जा सकता है। रोटी की निर्धारित कीमत से अधिक वसूली के मामले में 20 पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना लगाया गया। हालांकि, वजन में कथित कमी के लिए उस समय कोई अलग जुर्माना नहीं लगाया गया था।
सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने अधिकारी के '90 रुपये' वाले बयान को लेकर खूब मजाक किया। कुछ लोगों ने लिखा कि अब रोटी का वजन ग्राम में नहीं, बल्कि रुपये में मापा जाएगा। एक यूजर ने टिप्पणी की, '90 रुपये वजन!' वहीं दूसरे ने लिखा कि ग्राम की जगह रुपये बोलने से पूरा मामला ही मजेदार हो गया। कुछ लोगों ने अधिकारी के निरीक्षण के तरीके पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि छोटे दुकानदारों पर कार्रवाई करने से पहले आटे, ईंधन और दूसरी जरूरी चीजों की बढ़ती कीमतों पर भी ध्यान देना चाहिए। वहीं, कुछ यूजर्स ने सरकारी निर्धारित वजन और कीमतों का पालन सुनिश्चित करने के कदम का समर्थन किया।
क्या है PERA?
पंजाब एनफोर्समेंट एंड रेगुलेटरी अथॉरिटी यानी PERA का गठन पंजाब सरकार ने पंजाब एनफोर्समेंट एंड रेगुलेशन एक्ट, 2024 के तहत किया था। इस संस्था का उद्देश्य प्रांत में सरकारी नियमों और निर्धारित कीमतों का पालन सुनिश्चित कराना है।
इसके अधिकारी बाजारों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हैं। आवश्यक वस्तुओं की निर्धारित कीमतों से अधिक वसूली और नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करना भी इसकी जिम्मेदारी है। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में रोटी की कीमतों और आटे की बढ़ती लागत को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा है। लाहौर में तंदूर संचालकों ने सब्सिडी वाले आटे की उपलब्धता और सरकारी कार्रवाई का विरोध करते हुए 4 दिसंबर से रोटी की बिक्री बंद करने की चेतावनी भी दी है। ऐसे में महिला अधिकारी का यह वीडियो केवल एक मजेदार सोशल मीडिया क्लिप बनकर नहीं रह गया, बल्कि इसने रोटी की कीमत, वजन और छोटे कारोबारियों की आर्थिक परेशानियों पर भी बहस छेड़ दी है।
Tags: