पुतिन कब खत्म करेंगे यूक्रेन के साथ युद्ध? जानिए क्या बोला अमेरिकी खुफिया विभाग

यूक्रेन पर रूसी हमला फिलहाल रुकने का नाम नहीं ले रहा है। कहा जा रहा है कि यूक्रेन युद्ध लंबे समय तक चलेगा और पुतिन इसके लिए आगे की योजना बना रहे हैं।

Update: 2022-05-11 01:19 GMT

फाइल फोटो 

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। यूक्रेन पर रूसी हमला फिलहाल रुकने का नाम नहीं ले रहा है। कहा जा रहा है कि यूक्रेन युद्ध लंबे समय तक चलेगा और पुतिन इसके लिए आगे की योजना बना रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रीय खुफिया निदेशक एवरिल हैन्स ने मंगलवार को कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन डोनबास क्षेत्र में चलाए जा रहे उनके अभियान के साथ यूक्रेन युद्ध को समाप्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि पुतिन मोल्दोवा में रूस-नियंत्रित क्षेत्र के लिए एक भूमि पुल का निर्माण करने के लिए दृढ़ हैं।

अमेरिकी खुफिया विभाग इस बात की भी अधिक से अधिक संभावना देख रहा है कि पुतिन मार्शल लॉ का आदेश देने सहित अपने पूरे देश को लामबंद कर देंगे। पुतिन यूक्रेन के लिए पश्चिमी देशों के समर्थन को कम करने पर भी अडिग हैं। अमेरिका का मानना है कि पुतिन ऐसी पैतरेबाजी कर सकते हैं जिससे उन्हें लगता है कि कुछ पश्चिमी देश यूक्रेन का उतना खुलकर समर्थन नहीं करेंगे।
हेन्स ने कहा, "हमारा आकलन कहता है कि राष्ट्रपति पुतिन यूक्रेन में लंबे समय तक संघर्ष की तैयारी कर रहे हैं, जिसके दौरान वह डोनबास से आगे के लक्ष्यों को प्राप्त करने का इरादा रखते हैं।" अमेरिकी खुफिया विभाग को लगता है कि पूर्वी डोनबास क्षेत्र में रूसी सेना का जमावड़ा लगाने का पुतिन का निर्णय उत्तर में कीव पर कब्जा करने में उनकी विफलता के बाद "केवल एक अस्थायी बदलाव" है।
सीआईए और राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी सहित पूरे अमेरिकी खुफिया समुदाय की देखरेख करने वाले हैन्स ने यह भी कहा कि पुतिन परमाणु "बयानबाजी" का इस्तेमाल पश्चिम को यूक्रेन का समर्थन करने से डराने के लिए करते हैं।
रूसी सैनिकों ने यूक्रेन में ओडेसा के महत्वपूर्ण तट पर हमला किया
रूस के सैन्य बलों ने यूक्रेन में आपूर्ति मार्गों और आयुध परिवहन को बाधित करने के प्रयास में मंगलवार को ओडेसा के महत्वपूर्ण तट पर धावा बोल दिया। यूक्रेन के अधिकारियों ने कहा कि उन्हें कुछ सप्ताह पहले उत्तर-पूर्व में गोलाबारी में तबाह शहर में 44 लोगों के शव मिले हैं। मार्च में गोलाबारी का निशाना बने खारकीव से करीब 120 किलोमीटर दूर स्थित इजियम में पांच मंजिला इमारत से ये शव निकाले गए।
क्षेत्रीय प्रशासन के प्रमुख ओलेह सिनेहुबोव ने सोशल मीडिया पर मृतकों की संख्या के बारे में जानकारी देते हुए कहा, ''नागरिकों के खिलाफ रूसी आक्रमणकारियों के बर्बर युद्ध अपराध का ये एक और सबूत है।'' हालांकि, सिनेहुबोव ने यह नहीं बताया कि इमारत कहां पर स्थित थी। इजियम डोनबास के पूर्वी औद्योगिक क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण मार्ग पर स्थित है, जो अब यूक्रेन में रूस के युद्ध का केंद्र है।
Tags:    

Similar News