बैंकॉक: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बार में करीब 60 हजार थाई बाट (लगभग ₹1.7 लाख) का बिल नहीं चुकाने पर 18 साल की एक युवती के सिर के बाल पूरी तरह मुंडवा दिए गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद बढ़ गया है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना 25 अगस्त को बैंकॉक के पिंक्लाओ इलाके के एक बार में हुई। युवती पर आरोप है कि वह फर्जी आईडी के जरिए बार में पहुंची थी और वहां बड़ी रकम का बिल बन गया। जब वह बिल चुकाए बिना जाने लगी तो बार स्टाफ ने उसे रोक लिया।
बाल काटने का बनाया गया समझौता
बताया जा रहा है कि बार स्टाफ ने युवती से एक तरह का ‘हेयर सेल कॉन्ट्रैक्ट’ साइन कराया। इसके बाद उसके बाल काट दिए गए। वीडियो में युवती कुर्सी पर बैठी दिखाई दे रही है, जहां एक व्यक्ति मशीन से उसके बाल काट रहा है।
बार प्रबंधन का कहना है कि युवती ने खुद सहमति दी थी और उसके बालों की कीमत बिल में समायोजित की गई। वहीं युवती और उसके परिवार ने आरोप लगाया कि उसे दबाव में ऐसा करने के लिए मजबूर किया गया।
घटना पर मचा विवाद
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने बार के इस कदम की आलोचना की। कई लोगों का कहना है कि बिल विवाद को पुलिस और कानूनी प्रक्रिया के जरिए सुलझाना चाहिए था, किसी व्यक्ति को सार्वजनिक रूप से अपमानित करना उचित नहीं है।
थाईलैंड के अधिकारियों से इस मामले की जांच की मांग की गई है। फिलहाल पुलिस युवती के बिल विवाद और बाल मुंडवाने की घटना दोनों पहलुओं की जांच कर रही है।
Tags: