यूक्रेन ने तीन चीनी कंपनियों पर लगाया प्रतिबंध,Iskander missiles निर्माण में सहयोग का आरोप
World वर्ल्ड: यूक्रेन ने शुक्रवार को चीन की तीन कंपनियों पर प्रतिबंध लगाते हुए उन पर रूस के इस्कंदर मिसाइल सिस्टम के निर्माण में शामिल होने का आरोप लगाया। यह कार्रवाई राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की द्वारा चीन पर रूस को हथियार आपूर्ति करने के आरोप के एक दिन बाद की गई।
चीन के विदेश मंत्रालय ने जेलेंस्की के आरोपों को बेबुनियाद बताया है और कहा कि चीन युद्ध में शामिल नहीं है तथा तटस्थ भूमिका निभा रहा है। प्रतिबंधित चीनी कंपनियों में बीजिंग एविएशन एंड एयरोस्पेस शियांगहुई टेक्नोलॉजी, रुई जिन मशीनरी और झोंगफू शेनयिंग कार्बन फाइबर शीनिंग शामिल हैं।
जेलेंस्की ने कहा कि ये कंपनियां उन मिसाइलों के निर्माण से जुड़ी हैं जिनसे हाल ही में यूक्रेन के खारकीव शहर पर हमला हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत और सौ से अधिक घायल हुए।यूक्रेन द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों के तहत इन कंपनियों की यूक्रेन में संपत्ति फ्रीज कर दी गई है और उनके व्यापार पर रोक लगा दी गई है।