नई दिल्ली: इटली में तेज तूफानी हवाओं ने ऐसा कहर बरपाया कि एयरपोर्ट के रनवे पर खड़े छोटे विमान हवा में खिलौनों की तरह उड़ते और पलटते नजर आए. घटना 21 अगस्त को इटली के एमिलिया-रोमाग्ना इलाके के फोर्ली 'लुइजी रिडोल्फी' एयरपोर्ट पर हुई. यहां करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आए तेज हवा के झोंकों ने कुछ ही मिनटों में भारी नुकसान पहुंचा दिया.
बताया जा रहा है कि यह तूफान करीब 10 मिनट तक रहा, लेकिन इतने कम समय में ही एयरपोर्ट पर अफरातफरी मच गई. तेज हवाओं के कारण एयरपोर्ट के वेट एप्रन पर खड़े कई हल्के ट्रेनिंग विमान अपनी जगह से खिसकने लगे. कुछ विमान घूमते हुए काफी दूर तक चले गए, जबकि कम से कम तीन से चार छोटे विमान पूरी तरह पलट गए.
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि तेज हवा के बीच छोटे विमान जमीन पर टिके नहीं रह पा रहे हैं. कुछ विमान अपने पहियों के बल से उठकर उलट गए. उनकी बॉडी जमीन से टकराती नजर आई. इनमें से कुछ विमानों को काफी नुकसान पहुंचा है. प्रभावित विमानों में सेसना 172 स्काईहॉक और टेकनम P2008JC जैसे ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट भी शामिल बताए जा रहे हैं.
तूफान का असर सिर्फ विमानों तक सीमित नहीं रहा. एयरपोर्ट के अराइवल टर्मिनल की छत का एक हिस्सा तेज हवा में उड़ गया, जबकि एक मेंटेनेंस हैंगर को भी नुकसान पहुंचा. हालात को देखते हुए एयरपोर्ट का संचालन करीब एक घंटे के लिए रोक दिया गया, ताकि रनवे और एप्रन को सुरक्षित किया जा सके.
फोर्ली शहर में भी तूफान ने जमकर तबाही मचाई. कई पेड़ उखड़कर सड़कों और गाड़ियों पर गिर गए. कुछ इमारतों को नुकसान पहुंचा और बिजली की लाइनें भी टूट गईं. मलबे के कारण शहर के केंद्र की एक दर्जन से ज्यादा सड़कों को बंद करना पड़ा.
हालांकि इस घटना में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई. स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक, शहर में चार लोगों को मामूली चोटें आईं, जिनमें एयरफील्ड पर मौजूद दो लोग भी शामिल थे. तूफान के बाद इमरजेंसी टीमें तुरंत सक्रिय हो गईं. फायर ब्रिगेड ने पूरे इलाके में 150 से ज्यादा ऑपरेशन किए. टीमों ने क्षतिग्रस्त विमानों को सुरक्षित किया, विमान से जुड़ी ईंधन लाइनों में लीकेज की जांच की और सड़कों से मलबा हटाया. इस घटना के वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.
Tags: