सुरक्षा परिषद हुआ चिंतित, अफगान में महिलाओं के हालात बदतर

Security Council worried, the situation of women in Afghanistan worsens

Update: 2022-05-25 14:02 GMT
Taliban in Afghanistan : अफगानिस्तान की सत्ता पर तालिबान के काबिज होने के बाद से महिलाओं की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। पिछले साल के अगस्त माह से काबुल में तालिबान की सरकार है और तब से ही यहां की महिलाओं के अधिकारों का हनन किया जा रहा है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (United Nation Security council, UNSC) ने अफगान महिलाओं पर बढ़ती पाबंदियों को लेकर गहरी चिंता जताई है। परिषद ने तालिबान से महिलाओं के प्रति अपनी नीतियों को बदलने का आग्रह किया है।
तालिबान ने जारी किया फरमान- महिलाएं पहने बुर्का
तालिबान ने हाल ही में अफगान महिलाओं के लिए बुर्का पहनना अनिवार्य किया था। इस फरमान के बाद से वैश्विक स्तर पर तालिबान की आलोचना हो रही है। सुरक्षा परिषद के सदस्यों ने तालिबान से महिलाओं के अधिकारों को प्रतिबंधित करने वाली नीतियों को बदलने को कहा है। सत्ता पर काबिज होने के बाद तालिबान ने लड़कियों की पढ़ाई कक्षा छह तक सीमित कर दी। महिलाओं के लिए बुर्का पहनना अनिवार्य कर दिया। आदेश नहीं मानने पर परिवार के पुरुष सदस्यों को सजा देने का एलान किया। इतना ही नहीं तालिबान ने मीडिया में काम करने वाली महिलाओं को भी चेहरा ढककर समाचार प्रस्तुत करने का आदेश दिया है।
चिंतित है सुरक्षा परिषद
इस महीने के शुरुआत में अफगानिस्तान के सुप्रीम नेता हिबातुल्लाह अखुंदजादा ने महिलाओं के लिए आदेश जारी किया कि सार्वजनिक जगहों पर जाने के क्रम में वे बुर्का पहने ताकि उनका चेहरा पूरी तरह ढका रहे। 15 सदस्यीय सुरक्षा परिषद ने अफगानिस्तान पर जारी प्रेस वक्तव्य में वहां जारी महिलाओं के शोषण पर चिंता व्यक्त की। सुरक्षा परिषद ने तालिबान से अपनी नीतियों और फैसलों को बदलने के लिए कहा जो अफगानी महिलाओं की आजादी का हनन कर रहे हैं। उन्होंने तालिबान को उसका वादा याद कराया और कहा कि लड़कियों के लिए स्कूलों को दोबारा खोला जाए।
Tags:    

Similar News