राजधानी कीव में सुबह 7 बड़े धमाकों से दहल गई। लोग घरों, सबवे, अंडरग्राउंड शेल्टर में छिपे हुए हैं। खाने-पीने से लेकर रोजाना की जरूरत की चीजों की कमी हो रही है।
इस बीच यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने दावा किया है कि रूसी सेना राजधानी में दाखिल हो गई है। उन्होंने आशंका जताई है कि अगले 96 घंटे यानी 4 दिन में कीव पर रूस का कब्जा हो जाएगा। वहीं, लीव शहर में हवाई हमले का सायरन सुनाई दिया है। इसके बाद यहां की मेयर ने लोगों को घरों से बाहर न निकलने को कहा है। यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि दुनिया ने हमें जंग में लड़ने के लिए अकेला छोड़ दिया है। उन्होंने बताया कि वे कीव में हैं और वहां रूसी सेना दाखिल हो गई है। उनके दो टारगेट हैं, पहला- कीव और दूसरा मेरा परिवार। इस बीच सरकार ने पूरी सेना को युद्ध में उतारने का ऐलान किया। इसके लिए यूक्रेन सरकार ने 18 से 60 साल के यूक्रेनी पुरुषों के देश छोड़ने पर रोक लगा दी है। कुछ रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि यूक्रेन ने अपने 10 हजार नागरिकों को मुकाबले के लिए राइफलें दी हैं।