वाशिंगटन, 8 अक्टूबर व्हाइट हाउस ने भारत को अमेरिका के सबसे मजबूत सहयोगियों में से एक बताया है और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने का श्रेय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तिगत संबंधों को दिया है। यह बयान ऐसे समय आया, जब पीएम मोदी ने सार्वजनिक जनसेवा के 25 साल पूरे किए हैं। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता एना केली ने बुधवार (स्थानीय समयानुसार) को आईएएनएस से कहा, "भारत संयुक्त राज्य अमेरिका के सबसे मजबूत सहयोगियों में से एक है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों देशों के संबंधों को ज्यादा मजबूत किया है।"

यह बयान आईएएनएस के उस सवाल के जवाब में आया था, जिसमें व्हाइट हाउस से पीएम मोदी के सार्वजनिक जनसेवा के 25 साल और अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ उनके संबंधों पर आकलन मांगा गया था। पीएम मोदी 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार पदभार संभालने के बाद से 7 अक्टूबर 2026 को अपने सार्वजनिक जनसेवा के 25 साल यानी कि एक चौथाई सदी वाली उपलब्धि पूरी की। व्हाइट हाउस के जवाब में दोनों नेताओं के बीच व्यक्तिगत संबंधों का विशेष जिक्र किया गया, जबकि भारत और अमेरिका व्यापार और अन्य नीतिगत मुद्दों पर मतभेदों के बीच रास्ता तलाश रहे हैं। बयान में किसी नई द्विपक्षीय पहल या नीतिगत फैसले की घोषणा नहीं की गई।

पीएम मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 से मई 2014 तक गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया, जब वे आम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद भारत के प्रधानमंत्री बने भारत और अमेरिका ने लगातार सरकारों के दौरान रक्षा, प्रौद्योगिकी, व्यापार और रणनीतिक मामलों में व्यापक सहयोग विकसित किया है, हालांकि दोनों देशों के बीच कोई औपचारिक पारस्परिक रक्षा संधि नहीं है।

पीएम मोदी के कार्यकाल में भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रोफाइल भी बढ़ी है, जिसमें सरकार ने अधिक कूटनीतिक जुड़ाव, प्रमुख शक्तियों के साथ मजबूत संबंध और ग्लोबल साउथ में भारत के लिए एक प्रमुख भूमिका को आगे बढ़ाया है।



Tags: