Nepal काठमांडू : नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री और सीपीएन-माओवादी सेंटर के अध्यक्ष पुष्प कमल दहल 'प्रचंड' को बाथरूम में फिसलकर गिरने से सिर में चोट लग गई। पूर्व प्रधानमंत्री की सचिव और बेटी गंगा दहल ने फोन पर एएनआई से पुष्टि की, "उनके माथे पर चोट लगी है। उनकी हालत सामान्य है।"
घटना के बाद प्रचंड को इलाज के लिए मेडिसिटी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, पूर्व गुरिल्ला नेता के सिर पर तीन टांके लगे हैं। मेडिसिटी अस्पताल के एक डॉक्टर ने नाम न बताने की शर्त पर एएनआई को बताया, "उन्हें आधी रात के आसपास इमरजेंसी में लाया गया था। उनके माथे पर चोटें आई थीं। उन्होंने हमें बताया कि वे बाथरूम में फिसल गए थे और फिर उन्हें चोटें आईं। सीटी स्कैन भी किया गया, जो सामान्य आया।" प्रचंड फिलहाल घर पर ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। (एएनआई)