पाकिस्तान।  कराची में एक शख्स के द्वारा अपने परिवार की कई महिलाओं की हत्या करने का मामला सामने आया है. एजेंसी के मुताबिक, पुलिस ने सोमवार को बताया कि एक पाकिस्तानी शख्स ने मां और बहन सहित अपने परिवार की चार महिलाओं की हत्या कर दी, क्योंकि वे "लिबरल" लाइफस्टाइल अपनाती थीं और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करती थीं. आरोपी बिलाल अहमद को शनिवार को गिरफ्तार किया गया और सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया.

सुनवाई के दौरान अहमद ने अदालत को बताया कि उसने अपनी मां, बहन, भतीजी और भाभी का गला काट दिया, क्योंकि उनकी "लिबरल" जीवनशैली ने उसकी शादी को नुकसान पहुंचाया था और वे हमेशा उसे परेशान करती रहती थीं.

शनिवार को कराची के पुराने सोल्जर बाजार इलाके में अपार्टमेंट में चारों महिलाओं के शव मिले, जिनका गला कटा हुआ था. जांच अधिकारी शौकत अवान ने कहा, "यह बिलाल के मानसिक रूप से अस्थिर और अति-रूढ़िवादी होने का मामला है. शौकत अवान ने कहा, "जांच के दौरान, यह पता चला कि बिलाल का महिलाओं के साथ रोजाना झगड़ा होता था और वह अपनी पत्नी के उसे छोड़ने के लिए महिलाओं और उनकी 'लिबरल' लाइफस्टाइ को दोषी ठहराता था, क्योंकि वह एक धार्मिक महिला थीं."

उन्होंने बताया कि आरोपी बिलाल सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने वाली चारों महिलाओं से परेशान था. वह अपनी बहन और भतीजी से भी परेशान था क्योंकि उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपनी तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए थे. बिलाल ने पुलिस को बताया कि वह शुरू में "अपनी बहन को सबक सिखाना" चाहता था, लेकिन बाद में उसे एहसास हुआ कि वह कोई चश्मदीद गवाह नहीं छोड़ सकता, इसलिए उसने चारों महिलाओं की हत्या कर दी.


Tags: