अफगानिस्तान में बड़ा हादसा: कार बम विस्फोट में 24 लोग हुए घायल
अफगानिस्तान में आज एक बड़ा हादसा हो गया। यहां पर एक कार में हुए बम विस्फोट में 24 लोग घायल हो गए हैं।
जनता से रिश्ता वेबडेस्क| अफगानिस्तान में आज एक बड़ा हादसा हो गया। यहां पर एक कार में हुए बम विस्फोट में 24 लोग घायल हो गए हैं। कंधार प्रांत में एक जिला पुलिस स्टेशन के बाहर यह धमाका हुआ। पुलिस ने इस घटना की जानकरी देते हुए बताया कि सुबह करीब 10.30 बजे दमन जिले के केंद्रीय पुलिस स्टेशन के बाहर यह विस्फोट किया गया था। हादसे में घायल हुए सभी लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। वहीं गंभीर रुप से घायल लोगों को कंधार शहर के एक क्षेत्रीय अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। अभी तक इस हमले की किसी भी आतंकी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है।
इससे पहले भी हो चुके हैं कई हमले
बता दें कि यहां पर आए दिन आतंकी हमले होते रहते हैं। इससे पहले राजधानी काबुल 21 नवंबर को रॉकेट हमलों से दहल गई थी। रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर 23 रॉकेट दागे गए। इसमें आठ नागरिकों की मौत हो गई और 31 घायल हो गए। कई रॉकेट कुछ दूतावासों के समीप भी गिरे। इसके चलते दूतावासों के सायरन बज उठे थे। इस हमले के तुरंत बाद तालिबान ने बयान जारी कर कहा था कि इसमें उसका कोई हाथ नहीं है।वहीं गृह मंत्रालय के प्रवक्ता तारिक एरियन ने बताया था कि हमले में आठ नागरिकों के मरने और 31 के घायल होने की खबर है।
आतंकी एक ट्रक में रॉकेट लेकर आए थे और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया। इसकी जांच चल रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि ट्रक किस तरह शहर में आया था। कुछ लोगों ने रॉकेट दागने की फिल्म बनाई और इन्हें इंटरनेट मीडिया परपोस्ट किया। फेसबुक पर भी कई तस्वीरें साझा की गई हैं, जिनमें क्षतिग्रस्त कारें, खिड़कियां और घर दिखाई दिए थे।