देश आजाद नहीं होता तो प्रधानमंत्री भी नहीं होते, हमें झेलनी पड़ती पाकिस्तान की ज्यादती: शेख हसीना
नई दिल्ली: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और अवामी लीग की अध्यक्ष शेख हसीना ने कहा है कि अगर देश आजाद नहीं हुआ होता तो प्रधानमंत्री का पद भी नहीं होता और लोगों को पाकिस्तानी सेना के अत्याचारों का सामना करना पड़ता।
शनिवार रात एक ऑनलाइन कार्यक्रम के दौरान हसीना ने देश की आजादी और बंगबंधु शेख मुजीबुर रहमान के योगदान का जिक्र करते हुए अपने विचार रखे। अवामी लीग के आधिकारिक फेसबुक और यूट्यूब चैनलों पर प्रसारित इस कार्यक्रम में हसीना ने कहा,“अगर देश आजाद नहीं हुआ होता तो कोई प्रधानमंत्री नहीं होता। अगर हम आजाद नहीं हुए होते तो पाकिस्तानी सेना के हाथों हमें अब भी प्रताड़ित होना पड़ता। बंगबंधु शेख मुजीबुर रहमान ने बांग्लादेश के लोगों के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया था।”
पार्टी के ऑनलाइन प्रसारण का शीर्षक ‘दायमुक्ति पर्व ’ बताया गया। रात नौ बजे शुरू हुए इस विशेष कार्यक्रम में हसीना ने अवामी लीग के उन कार्यकर्ताओं और परिजनों को वर्चुअली संबोधित किया, जिन्हें पार्टी राजनीतिक उत्पीड़न का शिकार बताती है। इसमें जुलाई-अगस्त 2024 के राजनीतिक घटनाक्रम के दौरान मारे गए कार्यकर्ताओं और बंगबंधु के विचारों के अनुयायी बताए जाने वाले लोगों के परिवार भी शामिल थे।
यह संबोधन ऐसे समय आया है, जब बांग्लादेश में अवामी लीग की राजनीतिक गतिविधियों पर प्रतिबंध और हसीना की संभावित वापसी को लेकर राजनीतिक तनाव बना हुआ है। हसीना अगस्त 2024 में सत्ता से हटाए जाने के बाद निर्वासित जीवन जी रही हैं। उन्होंने हाल ही में 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है, जबकि ढाका ने उनकी वापसी और प्रत्यर्पण के मुद्दे पर सख्त रुख अपनाया है।
24 नवंबर को बांग्लादेश अवामी लीग ने उनके स्वदेश लौटने की खबरों पर मुहर लगाई थी। बांग्लादेश अवामी लीग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में लिखा," जननेता 16 दिसंबर को बांग्लादेश पहुंच रही हैं।"
16 दिसंबर का दिन बांग्लादेश के लिए काफी अहम है। 16 दिसंबर 1971 को बांग्लादेश ने पाकिस्तान के खिलाफ मुक्ति संग्राम में जीत हासिल की थी। पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सेना और मुक्ति वाहिनी के सामने आत्मसमर्पण किया था। मुक्ति वाहिनी बांग्लादेश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले लोगों का संगठन था।
पिछले साल, एक बांग्लादेशी अदालत ने छात्रों के नेतृत्व वाले विद्रोह को कुचलने के मामले में उन्हें दोषी ठहराया था। उनकी गैर-मौजूदगी में ही सजा-ए-मौत सुनाई गई थी। हसीना इन आरोपों को सिरे से खारिज करती आई हैं।