होर्मुज मुद्दे पर ईरान-ओमान वार्ता नए चरण में, कूटनीतिक प्रयास तेज

Update: 2026-08-05 01:18 GMT

Tehran : ईरान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सरकारी ब्रॉडकास्टर 'प्रेस टीवी' को बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को लेकर ईरान और ओमान के बीच बातचीत एक नए चरण में पहुंच गई है।प्रेस टीवी ने मंगलवार को खबर दी कि ईरान और ओमान के बीच होर्मुज को लेकर लगातार हो रही बातचीत तेहरान की कूटनीतिक सक्रियता को दर्शाती है।अधिकारी ने आगे कहा कि अगर अमेरिका दखल देना बंद कर दे, तो होर्मुज को लेकर ओमान के साथ समझौता हो सकता है।ईरानी सरकारी ब्रॉडकास्टर के अनुसार, अधिकारी ने कहा कि बातचीत एक नए कॉरिडोर के बारे में है ताकि इस अहम एनर्जी चोकपॉइंट (ऊर्जा आपूर्ति के महत्वपूर्ण मार्ग) से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके।

अधिकारी ने कहा, "ईरान-ओमान के बीच बातचीत एक नए कॉरिडोर को लेकर हो रही है, जो होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करेगा।" प्रेस टीवी ने आगे बताया कि अधिकारी ने इस बात पर जोर दिया कि होर्मुज में यह कॉरिडोर एक तटीय देश के तौर पर ईरान के संप्रभु हितों की रक्षा करेगा।

ये ताजा बयान पश्चिम एशिया क्षेत्र में तेजी से बदलती परिस्थितियों के बीच आए हैं।

घटनाक्रम के बीच, कतर ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच विवाद को सुलझाने की कोशिशें "काफी आगे बढ़ चुकी हैं" और संभावित समझौते के मसौदे "साझा किए जा रहे हैं"। यह जानकारी CNN ने दी। तेहरान और वाशिंगटन के अधिकारियों की ओर से बातचीत शुरू होने या न होने को लेकर दिए जा रहे विरोधाभासी बयानों पर अल-अंसारी ने कहा, "हम पुष्टि कर सकते हैं कि सभी पक्षों के साथ कोशिशें अभी भी जारी हैं। हम अभी भी कूटनीतिक समाधान की दिशा में काम कर रहे हैं।"

CNN के अनुसार, उन्होंने कहा कि संकट को सुलझाने के लिए "जमीनी स्तर पर कोशिशें" चल रही हैं जो "काफी आगे बढ़ चुकी हैं"।

अल जज़ीरा की रिपोर्ट के अनुसार, अंसारी ने तनाव कम करने और बातचीत के लिए कतर की अपील पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि दोहा ओमान की मध्यस्थता की कोशिशों का समर्थन करता है और उम्मीद है कि आने वाले कुछ घंटों या दिनों में कोई समझौता हो जाएगा।

अल जज़ीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, अल-अंसारी ने कहा कि हालांकि कोई सीधी बातचीत नहीं हो रही है, लेकिन मध्यस्थ आपस में बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समझौतों के मसौदे उसी तरह साझा किए जा रहे हैं जैसे फरवरी में यह विवाद शुरू होने के बाद से किए जा रहे हैं। इस बीच, अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने मंगलवार को ईरान के साथ बातचीत में संभावित सफलता का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि इस बात की संभावना है कि जलडमरूमध्य (स्ट्रेट) को फिर से खोलने और चल रहे संघर्ष में हालात को सामान्य बनाने के लिए "आज या कल" कोई समझौता हो सकता है। उन्होंने CNBC को दिए एक इंटरव्यू में ये बातें कहीं।

बेसेंट ने CNBC से कहा, "हमने देखा कि पिछले हफ्ते राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरानियों के खिलाफ़ दूसरे विश्व युद्ध के बाद के सबसे बड़े सैन्य अभियानों में से एक की धमकी दी थी। इसी वजह से हम ईरानियों के साथ बातचीत कर रहे हैं और मुझे लगता है कि इस बात की संभावना है कि आज या कल हमारे बीच कोई समझौता हो जाए, जिससे जलडमरूमध्य को खोला जा सके और इस संघर्ष में हालात को सामान्य बनाया जा सके।"

तेहरान के साथ लगातार जारी तनाव के बीच वाशिंगटन की ओर से तीखे बयानों के बाद कूटनीति की दिशा में यह सकारात्मक बदलाव आया है।

सोमवार को ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन ने ज़ोर देकर कहा कि तेहरान क्षेत्रीय संघर्ष को भड़काने में दिलचस्पी नहीं रखता है, साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि देश अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए बिना किसी समझौते के कदम उठाएगा।

उनके ये बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सोमवार को दिए उस बयान के बाद आए हैं जिसमें उन्होंने कहा था कि ईरान को समझौता करने का "आखिरी मौका" दिया गया है। ट्रंप ने दावा किया कि सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), कतर और ईरान से कूटनीति का रास्ता अपनाने के अनुरोध मिलने के बाद वाशिंगटन ने एक नियोजित सैन्य हमले को रोक दिया था।

ईरान के अनुरोध पर बातचीत जारी होने का दावा करते हुए ट्रंप ने कहा था, "हम अभी बातचीत कर रहे हैं, हम बातचीत कर रहे हैं और हम ईरान के अनुरोध पर बातचीत कर रहे हैं, जिसे सऊदी अरब, UAE और खासकर कतर का समर्थन हासिल है, साथ ही अन्य देशों का भी समर्थन है। कई देशों ने फोन किया... वे सभी इसे एक आखिरी मौका देना चाहते थे।"

पश्चिम एशिया और खाड़ी क्षेत्र के देश तनाव कम करने और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण जलडमरूमध्य (जो वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए एक अहम शिपिंग रूट है) में समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने के अपने प्रयास जारी रखे हुए हैं।

Tags:    

Similar News