पूर्व US रक्षा सचिव डोनाल्ड रम्सफेल्ड का निधन

जल्द ही इराक में विद्रोह शुरू हो गया था और अमेरिकी सेना उसमें फंस गई।

Update: 2021-07-01 04:47 GMT

अमेरिका के दो बार रक्षा सचिव रहे डोनाल्ड रम्सफेल्ड का 88 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। डोनाल्ड रम्सफेल्ड को इराक और अफगानिस्तान युद्ध के लिए जाना जाता था। रम्सफेल्ड का निधन मंगलवार को उनके परिजनों के बीच न्यू मैक्सिको में हुआ था।

डोनाल्ड रम्सफेल्ड दो बार पेंटागन प्रमुख बनने वाले इकलौते इंसान हैं। पहली बार जब 1975 में वो पेंटागन गए थे, तो सबसे कम उम्र के प्रमुख बने थे। दूसरी बार जब 2001 में रक्षा सचिव बने, तब वह सबसे ज्यादा उम्र के प्रमुख थे। पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश के शासन में पेंटागन संभालने वाले डोनाल्ड रम्सफेल्ड को राजनीतिक रूप से चतुर माना जाता था।

राष्ट्रपति बनने का सपना रह गया अधूरा
वर्ष 1988 में डोनाल्ड रम्सफेल्ड ने रिपब्लिकन राष्ट्रपति उम्मीदवारी की रेस में हिस्सा लिया था। हालांकि बाद में वह इस रेस में पिछड़ गए थे और इस तरह उनके राष्ट्रपति बनने का सपना पूरा नहीं हो सका।
इराक युद्ध बन गया पहचान
पूर्व अमेरिकी रक्षा सचिव डोनाल्ड रम्सफेल्ड ने अपने करियर में कई उपलब्धियां हासिल की थीं, लेकिन उनकी विरासत का सबसे विवादित अध्याय इराक युद्ध में हुई गलतियां माना जाता है। दरअसल, वर्ष 2002 में रम्सफेल्ड का ध्यान इराक पर गया। उस वक्त रम्सफेल्ड और उपराष्ट्रपति डिक चेनी ने दावा किया कि इराक के शासक सद्दाम हुसैन ने 'वेपन ऑफ मास डिस्ट्रक्शन' छुपा रखे हैं। सद्दाम का लिंक अल-कायदा से भी जोड़ा गया। इसके बाद अमेरिका ने मार्च, 2003 में इराक में सेना भेज दी। सद्दाम का शासन जल्दी खत्म हो गया, लेकिन वहां किसी भी तरह के कोई हथियार नहीं मिले। जल्द ही इराक में विद्रोह शुरू हो गया था और अमेरिकी सेना उसमें फंस गई।


Tags:    

Similar News

-->