कुवैत के सबसे बड़े तेल क्षेत्र में लगी आग, दो मजदूर घायल
कुवैत (Kuwait) के सबसे बड़े तेल क्षेत्र में सोमवार को आग लग गई
कुवैत (Kuwait) के सबसे बड़े तेल क्षेत्र में सोमवार को आग लग गई, जिसमें दो श्रमिक घायल हो गए. कुवैत ऑयल कंपनी (Kuwait Oil Company) के प्रवक्ता क़ुसाई अल-आमेर के हवाले से सरकारी न्यूज एजेंसी KUNA ने बताया कि घायल श्रमिकों की हालत स्थिर है और उन्हें नजदीकी अस्पताल (Hospital) में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है.
रिपोर्ट में कहा गया है कि कुवैत के दक्षिण-पूर्वी रेगिस्तान में ग्रेट बर्गन फील्ड में भयानक धमाका हुआ. ये तेल क्षेत्र एक दिन में 1.6 मिलियन बैरल तेल का उत्पादन करता है. रिपोर्ट के मुताबिक इस धमाके से उत्पादन पर कोई असर नहीं पड़ेगा. बता दें कि बर्गन दुनिया के सबसे बड़े तेल उत्पादक क्षेत्रों में से एक है.
दूसरा सबसे बड़ा तेल उत्पादन क्षेत्र
बर्गन सऊदी अरब के गावर क्षेत्र के बाद दूसरा सबसे बड़ा तेल उत्पादन क्षेत्र है. मालूम हो कि कुवैत एक छोटा-सा देश है जिसकी आबादी 4.1 मिलियन है. ये अमेरिका के राज्य न्यू जर्सी से भी छोटा है. कुवैत में दुनिया का छठा सबसे बड़ा तेल भंडार है. देश का ज्यादातर उत्पादन बर्गन क्षेत्र से आता है.
सऊदी अरब के ऑयल टर्मिनल में लग गई थी आग
इससे पहले मार्च में सऊदी अरब के दक्षिणी हिस्से में मौजूद एक ऑयल टर्मिनल पर ड्रोन हमला किया गया था. इस कारण इस टर्मिनल में आग लग गई थी. देश के ऊर्जा मंत्रालय ने इस बारे में जानकारी दी थी. ये हमला ऐसे वक्त में किया गया था, जब यमन (Yemen) पर रियाद (Riyadh) के नेतृत्व में की गई कार्रवाई को छह साल पूरा हुआ था. सऊदी अरब के नेतृत्व में अरब मुल्कों ने यमन में हूती विद्रोहियों के खिलाफ जंग छेड़ी हुई है लेकिन हाल में ही रियाद ने संघर्षविराम का प्रस्ताव दिया है.
ऊर्जा मंत्रालय ने एक बयान में कहा था कि जीजान में पेट्रोलियम उत्पादों के वितरण टर्मिनल पर हमला किया गया है. इस कारण टर्मिनल के एक टैंक में आग लग गई. इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ था. सऊदी मंत्रालय ने इस घटना की निंदा करते हुए इसे कायरतापूर्ण हमला बताया था. मंत्रालय ने कहा था कि ये किंगडम पर किया गया हमला ही नहीं बल्कि ये दुनिया के आर्थिक और वैश्विक सुरक्षा पर हमला है.