मनीला: फिलीपींस में समुद्र के बीच एक यात्री फेरी में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। पश्चिमी फिलीपींस के पलावन प्रांत में मशहूर पर्यटन स्थल कोरोन के पास MV June Aster नाम की फेरी आग की चपेट में आ गई। हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई है जबकि 80 से अधिक लोग लापता हैं। फिलीपींस कोस्ट गार्ड ने बड़े पैमाने पर खोज एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया है।
फिलीपींस कोस्ट गार्ड के मुताबिक हादसा बुधवार रात उस समय हुआ जब फेरी मनीला के बेसको से कोरोन की ओर जा रही थी। कोरोन अपने खूबसूरत समुद्री तटों और पर्यटन स्थलों के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है। यात्रा के दौरान फेरी में अचानक आग लग गई और कुछ ही समय में लपटों ने जहाज के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
फेरी में सवार थे 134 लोग
कोस्ट गार्ड की प्रवक्ता कमोडोर नोएमी कायाबयाब के अनुसार जहाज के आधिकारिक मैनिफेस्ट में कुल 134 लोगों के सवार होने की जानकारी है। इनमें 117 यात्री और चालक दल के 17 सदस्य शामिल थे। ताजा जानकारी के अनुसार 42 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है जबकि पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। इसके आधार पर 87 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बचाव अभियान जारी रहने के कारण मृतकों लापता लोगों और बचाए गए यात्रियों की संख्या में बदलाव हो सकता है।
समुद्र में उठी ऊंची लहरों से रेस्क्यू में परेशानी
हादसे के बाद फिलीपींस कोस्ट गार्ड ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। लेकिन खराब मौसम तेज समुद्री धाराओं और बड़ी लहरों के कारण बचाव दलों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समुद्री धाराओं के कारण आग से प्रभावित फेरी अपने शुरुआती स्थान से कई समुद्री मील दूर तक बह गई। इससे लापता यात्रियों की तलाश का क्षेत्र भी बढ़ गया है। कोस्ट गार्ड की ओर से जारी तस्वीरों और वीडियो में फेरी का हिस्सा भीषण आग की लपटों से घिरा दिखाई दिया। बचावकर्मियों ने समुद्र में मौजूद लोगों की मदद के लिए लाइफ जैकेट फेंकी और कई यात्रियों को छोटी नौकाओं की मदद से सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।
आग लगने की वजह अभी साफ नहीं
फेरी में आग आखिर कैसे लगी इसकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। फिलीपींस कोस्ट गार्ड शिपिंग कंपनी और समुद्री अधिकारियों के साथ मिलकर घटना की जांच कर रहा है। अधिकारियों की पहली प्राथमिकता लापता यात्रियों को तलाशना और अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षित बचाना है। समुद्र में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। फिलीपींस हजारों द्वीपों वाला देश है और यहां लोगों के आवागमन के लिए फेरी परिवहन बेहद महत्वपूर्ण है। इस भीषण हादसे ने एक बार फिर समुद्री यात्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
Tags: