मनीला: फिलीपींस में भीषण बाढ़ के बीच एक जोड़े की अनोखी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रही हैं। बुलाकान प्रांत के हैगोनॉय कस्बे में लीयन लिएजा गैलांग और गिल्बर्ट चीको ने कमर तक भरे बाढ़ के पानी के बीच चर्च में शादी की। पानी से भरे चर्च में सफेद गाउन पहने दुल्हन के विवाह मंडप तक पहुंचने और जोड़े के शादी की रस्में निभाने की तस्वीरें सामने आने के बाद यह कहानी तेजी से वायरल हो गई।

यह शादी 1 सितंबर को हैगोनॉय स्थित सेंट जॉन द बैप्टिस्ट चर्च में हुई। इलाके में लगातार बारिश और बाढ़ के कारण चर्च का बड़ा हिस्सा पानी में डूबा हुआ था। इसके बावजूद दूल्हा-दुल्हन ने शादी स्थगित करने के बजाय तय कार्यक्रम के अनुसार एक-दूसरे का हाथ थामने का फैसला किया।
कमर तक पानी में चलकर पहुंची दुल्हन
शादी की सबसे ज्यादा चर्चा उस तस्वीर की हो रही है जिसमें दुल्हन लीयन सफेद गाउन और हाथों में सफेद फूलों का गुलदस्ता लेकर चर्च के अंदर भरे गंदले पानी से गुजरती नजर आ रही हैं। चर्च में पानी इतना अधिक था कि कुछ स्थानों पर लोगों की कमर तक पहुंच रहा था। इसके बावजूद शादी में शामिल लोग पानी के बीच खड़े रहे और विवाह समारोह संपन्न हुआ। एक तस्वीर में शादी की अंगूठियां लेकर जा रहा बच्चा भी पानी से भरे चर्च के गलियारे में चलता दिखाई देता है। उसके आसपास भी पानी कमर तक था।
चर्च ने दी थी शादी टालने की सलाह
वेडिंग फोटोग्राफर मिको रे अल्फोंसो के मुताबिक ऊपर की ओर से लगातार बढ़ रहे बाढ़ के पानी को देखते हुए चर्च की ओर से जोड़े को शादी स्थगित करने की सलाह दी गई थी।लेकिन दूल्हा-दुल्हन ने समारोह जारी रखने का फैसला किया। चर्च करीब एक महीने से आंशिक रूप से पानी में डूबा हुआ था। इसके बावजूद चर्च से जुड़े लोगों ने जोड़े के फैसले का सम्मान किया और शादी को यादगार बनाने में उनकी मदद की।
भीग गए गाउन और सूट लेकिन नहीं रुकी शादी
दूल्हे गिल्बर्ट चीको ने बताया कि दोनों पूरी शादी की पोशाक में थे और उन्होंने इस बात की चिंता नहीं की कि उनका गाउन और सूट पानी में भीग जाएगा। बाढ़ के बीच सुरक्षित तरीके से चलने के लिए दुल्हन के गाउन की लंबी ट्रेन को छोटा भी करवाया गया था। इससे पानी में चलते समय उन्हें परेशानी कम हो। दूल्हा और दुल्हन एक ऊंची बॉडी वाले रिक्शे से चर्च तक पहुंचे थे ताकि रास्ते में उनके कपड़े सुरक्षित रह सकें। चर्च के परिसर में उतरने के बाद उन्हें पानी से होकर अंदर जाना पड़ा।
शादी में शामिल हुए 15 से भी कम लोग
बाढ़ के कारण शादी समारोह में बहुत ज्यादा मेहमान शामिल नहीं हो सके। फोटोग्राफर के मुताबिक समारोह में 15 से भी कम लोग मौजूद थे चर्च की खाली बेंचों के बीच परिवार के सदस्यों और कुछ करीबी लोगों ने शादी की रस्मों में हिस्सा लिया। पानी से घिरे माहौल के बावजूद समारोह में मौजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ।
सोशल मीडिया पर वायरल हुईं तस्वीरें
सेंट जॉन द बैप्टिस्ट पैरिश की ओर से शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए गए। देखते ही देखते पानी के बीच शादी करते जोड़े की तस्वीरें वायरल हो गईं। लोगों ने इसे मुश्किल परिस्थितियों के बीच प्यार और प्रतिबद्धता की मिसाल बताया। खासतौर पर पानी के बीच सफेद गाउन में आगे बढ़ती दुल्हन और शादी की अंगूठियां लेकर जाता बच्चा लोगों का ध्यान खींच रहा है।
भारी बारिश से जूझ रहा फिलीपींस
फिलीपींस के उत्तरी हिस्से में अगस्त के दौरान सामान्य से ज्यादा तेज मानसूनी बारिश हुई है। इसके कारण कई इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। हैगोनॉय भी बाढ़ से प्रभावित इलाकों में शामिल है। लगातार पानी भरे रहने के कारण स्थानीय लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हुई है। इसी मुश्किल परिस्थिति के बीच हुई यह शादी अब दुनियाभर में चर्चा का विषय बन गई है।
आफत के बीच यादगार बना खास दिन
आमतौर पर शादी के लिए लोग मौसम से लेकर सजावट तक हर चीज को बेहतर बनाने की कोशिश करते हैं लेकिन लीयन और गिल्बर्ट की शादी बिल्कुल अलग परिस्थितियों में हुई। चर्च में कमर तक पानी था, कपड़े भीग रहे थे और मेहमानों की संख्या बेहद कम थी। इसके बावजूद दोनों ने शादी की रस्में पूरी कीं। बाढ़ के पानी के बीच एक-दूसरे का हाथ थामने वाले इस जोड़े की तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर प्यार और मुश्किल हालात में दृढ़ता की कहानी के रूप में देखी जा रही हैं। प्राकृतिक आपदा उनके विवाह समारोह को रोक नहीं सकी और यही वजह है कि उनकी शादी फिलीपींस से बाहर भी चर्चा में आ गई है।
Tags: