यूरोप ने ओमिक्रोन पर की सख्ती- पाबंदियां लागू, अमेरिका में सैन्य डाक्टरों की तैनाती

कोरोना के डेल्टा वैरिएंट की तबाही से अभी यूरोप समेत विश्व के अन्य देश ठीक से उबरे भी नहीं थे कि ओमिक्रोन वैरिएंट ने नई चुनौती खड़ी कर दी है।

Update: 2021-12-22 00:56 GMT

फाइल फोटो 

 जनता से रिश्ता वेबडेस्क। कोरोना के डेल्टा वैरिएंट की तबाही से अभी यूरोप समेत विश्व के अन्य देश ठीक से उबरे भी नहीं थे कि ओमिक्रोन वैरिएंट ने नई चुनौती खड़ी कर दी है। अमेरिका, ब्रिटेन और यूरोप में संक्रमण के मामले बढ़ने लगे हैं। धीरे-धीरे पटरी पर लौट रही समग्र व्यवस्था को देखते हुए देशों के सामने असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। सख्त पाबंदियां लगाते हैं तो अर्थव्यवस्था की गाड़ी रफ्तार नहीं पकड़ पाएगी, नहीं लगाते हैं तो ओमिक्रोन की रफ्तार बढ़ेगी।

यूरोप के देश इस पर बंटे नजर आ रहे हैं, कई ने सख्त पाबंदियां लगा दी है तो कई अभी इंतजार कर रहे हैं। नीदरलैंड ने फिर से लाकडाउन लगा दिया है। ऐसा सख्त कदम उठाने वाला वह यूरोप का पहला देश बन गया है। इसमें एक साथ अधिकतम दो मेहमानों को घर बुलाने की अनुमति है। क्रिसमस के त्योहार से पहले यह शर्त लोगों को तकलीफ देने वाली है। डेनमार्क ने थिएटर, सिनेमा हाल, मनोरंजन पार्क, चिडि़याघर और भीड़ वाले स्थानों को बंद कर दिया है। हालांकि, टीकाकरण के चलते मास्क पहनने और शारीरिक दूरी बनाए रखने की अनिवार्यता को खत्म कर दिया गया है। वहीं, फ्रांस, स्पेन और इटली सख्त प्रतिबंध लगाने से अभी तक बच रहे हैं। इसके स्थान पर बूस्टर डोज लगाने पर जोर दे रहे हैं।
ब्रिटेन में स्थिति उलट है। एक महीने से भी कम समय में वहां ओमिक्रोन प्रमुख वैरिएंट बन गया है। सरकार के सलाहकारों और विज्ञानियों ने सख्त लाकडाउन लगाने का सुझाव दिया है, लेकिन क्रिसमस को देखते हुए बोरिस जानसन की सरकार कोई फैसला नहीं ले पा रही है। सरकार में सख्त लाकडाउन लगाने को लेकर मतभेद भी हैं। अमेरिका में क्रिसमस की छुट्टियां शुरू हो गई हैं, लेकिन ओमिक्रोन के डर ने लोगों को घर में रहने को मजबूर कर दिया है। प्रतिदिन एक लाख से अधिक मामले मिल रहे हैं। रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (सीडीसी) ने एक दिन पहले ही कहा था कि नए मामलों में 73 प्रतिशत ओमिक्रोन के हैं। राष्ट्रपति जो बाइडन ने अभी सख्त पाबंदियों का एलान तो नहीं किया है, लेकिन बढ़ते मरीजों को देखते हुए सेना के डाक्टरों को मैदान में उतार दिया है। हालांकि, न्यूयार्क, वाशिंगटन डीसी, टेक्सास, बोस्टन जैसे राज्यों में कुछ सख्त पाबंदियां लगाई गई हैं।
Tags:    

Similar News

-->