चीन की हमारे खिलाफ सैन्य कार्रवाई से पूरी दुनिया होगी प्रभावित: ताइवानी

Update: 2023-06-27 13:06 GMT
ताइपे | ताइवान के विदेश मंत्री जौशीह जोसेफ वू ने कहा कि ताइवान के खिलाफ चीन का खतरा जितना दिख रहा है उससे कहीं अधिक गंभीर है और बीजिंग द्वारा बलपूर्वक यथास्थिति बदलने के किसी भी प्रयास के दुनिया के लिए गंभीर परिणाम होंगे, जिसमें सेमीकंडक्टर की आपूर्ति बाधित होना भी शामिल है।चीन की जबरदस्ती कार्रवाई करने की मंशा को देखते हुए ताइवान के विदेश मंत्री जोसेफ वू ने कहा कि रूस भी यूक्रेन को हल्के में ले रहा है, लेकिन उसे यह मुश्किल लग रहा है। चीन के साथ भी यही होगा इसलिए चीन को कुछ भी करने से पहले अच्छे से सोच लेना चाहिए।
उन्होंने कहा, "अगर वे समझते हैं, तो उन्हें ताइवान के खिलाफ सैन्य धमकियों का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए...एक बात हम दुनिया को याद दिलाते रहते हैं कि कोई भी युद्ध, दुनिया के बाकी हिस्सों ,खासकर भारत पर असर डाल सकता है।" ताइवान के विदेश मंत्री ने आगाह किया कि ताइवान के खिलाफ चीन की किसी भी सैन्य शत्रुता का वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला, विशेषकर सेमीकंडक्टर, पर गंभीर प्रभाव पड़ेगा। भारत और दुनिया भर के देश ताइवान में उत्पादित सेमीकंडक्टर पर बहुत अधिक निर्भर हैं। वू ने कहा कि ताइवान दुनिया भर में आवश्यक 90 प्रतिशत उन्नत चिप्स की आपूर्ति करता है।
ताइवान के विदेश मंत्री ने कहा कि समय आ गया है कि सभी लोकतांत्रिक देश चीन के विस्तारवादी एजेंडे और विशेषकर समुद्री क्षेत्र में उसकी सैन्य ताकत से निपटने के तरीके खोजें। वू ने कहा, ‘‘मुझे यकीन नहीं है कि चीन, यूक्रेनी युद्ध को उसी तरह से देख रहे हैं जिस तरह से अन्य देश इसे देख रहे हैं। दुनिया की सबसे बड़ी सेनाओं में से एक रूस को यूक्रेन पर आक्रमण में मुश्किलें आ रही हैं।'' उन्होंने कहा, "बहुत से लोगों का अनुमान था कि युद्ध एक या दो सप्ताह में समाप्त हो जाएगा, लेकिन यह एक साल से अधिक समय तक खिंच गया और यह चीन के लिए एक अच्छा सबक है।" वू ने कहा कि चीनी नेतृत्व को ताइवान के खिलाफ "युद्ध शुरू करने की कठिनाइयों" को समझना चाहिए और चीन के जीतने की कोई गारंटी नहीं है।
उन्होंने कहा, "चीन, ताइवान के खिलाफ जिस भी युद्ध का इस्तेमाल करना चाहता है, उसका वैश्विक स्तर पर गंभीर प्रभाव पड़ने वाला है। हमें यह देखकर खुशी हो रही है कि प्रमुख अंतरराष्ट्रीय नेता चीन को यथास्थिति कायम रखने के लिए आगाह कर रहे हैं, खासकर बल प्रयोग से।" उन्होंने कहा, "हमने यूक्रेन के लिए अंतरराष्ट्रीय समर्थन भी देखा और इसे मैं यूक्रेनियों के लिए अपनी स्वतंत्रता और संप्रभुता की लड़ाई की दृष्टि से महत्वपूर्ण समझता हूं।" ताइवान के विदेश मंत्री ने कहा कि यूक्रेन में युद्ध ने असममित युद्ध के महत्व को उजागर किया है। उन्होंने कहा, "हम बहुत गंभीरता से सैन्य सुधार में भी लगे हुए हैं।
Tags:    

Similar News

-->