Brazil ब्राजील: ब्राजील के साओ पाउलो राज्य के रिबेराओ प्रेटो शहर के पास एक दर्दनाक बस दुर्घटना में 12 विश्वविद्यालय के छात्रों की मौत हो गई और 19 अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना तब हुई जब छात्रों से भरी एक बस तेज रफ्तार ट्रक से टकरा गई।
रॉयटर्स के अनुसार, रात में हुए इस हादसे के बाद दमकलकर्मियों ने राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू कर दिया। उन्होंने बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उन्हें आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद बस के परखच्चे उड़ गए, साथ ही यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।यह बस यूनिवर्सिटी ऑफ फ्रैंका (यूनिफ्रान) के छात्रों को लेकर जा रही थी। यूनिवर्सिटी के एथलेटिक एसोसिएशन ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
अधिकारियों द्वारा दुर्घटना में शामिल ट्रक चालक पर गैर इरादतन हत्या, लापरवाही से चोट पहुंचाने और सहायता प्रदान करने में विफलता का आरोप लगाए जाने की संभावना है। दुर्घटनाग्रस्त बस को मौके से हटाने के लिए टो किया गया और शवों को फोरेंसिक संस्थान भेजा गया। इस बीच, राज्य अग्निशमन विभाग ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि दुर्घटना में कुल 31 लोग प्रभावित हुए हैं, जिनमें से 12 की मौत हो गई, जबकि अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।