Pakistan के Karachi में बड़ा हमला, Rangers camp पर हमला कर मचा हड़कंप

कैंप पर बड़ा आतंकी हमला हुआ।

Update: 2026-06-28 10:31 GMT

Pakistan पाकिस्तान :  कराची शहर में शनिवार देर रात सुरक्षाबलों के कैंप पर बड़ा आतंकी हमला हुआ। इस हमले में चार पाकिस्तानी रेंजर्स की मौत हो गई, जबकि जवाबी कार्रवाई में छह आतंकवादी मारे गए। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सुरक्षा बलों ने एक आतंकी को जिंदा पकड़ लिया है।

यह हमला कराची के मौसमियात चौरंगी इलाके में स्थित सिंध रेंजर्स के कैंप पर हुआ। यह इलाका कई शिक्षण संस्थानों और पाकिस्तान मौसम विभाग के केंद्र के पास स्थित है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमला करीब रात 8:30 बजे शुरू हुआ, जब पहले एक जोरदार धमाका हुआ और उसके बाद लगातार गोलीबारी की आवाजें सुनाई देने लगीं।

हमले के तुरंत बाद रेंजर्स और पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया और जवाबी कार्रवाई शुरू की, जो करीब 90 मिनट तक चली। इस दौरान दोनों ओर से भारी गोलीबारी हुई, जिसमें छह आतंकवादियों को ढेर कर दिया गया और एक को जिंदा पकड़ लिया गया।

पाकिस्तानी अखबार ‘डॉन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावर कार में सवार होकर आए थे। उन्होंने सबसे पहले रेंजर्स के कैंप के गेट पर अपनी कार टकराई और जबरन परिसर में घुस गए। इसके बाद उन्होंने ग्रेनेड फेंके और सुरक्षाबलों पर हमला कर दिया, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई।

रेस्क्यू 1122 सिंध के अनुसार, शुरुआत में गुलिस्तान-ए-जौहर ब्लॉक-5 के पास धमाके की सूचना मिली थी। इसके बाद तुरंत सेंट्रल कमांड को अलर्ट किया गया और आतंकवाद विरोधी दस्ते को मौके पर भेजा गया।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावर पूरी योजना के साथ आए थे और उनका उद्देश्य सीधे सुरक्षा बलों के कैंप को निशाना बनाना था। घटना के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया और तलाशी अभियान चलाया गया।

इस हमले की जिम्मेदारी तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से जुड़े संगठन जमात-उल-अहरार ने ली है। सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुट गई हैं और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।पाकिस्तान में लगातार हो रहे ऐसे हमलों ने सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि आतंकियों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए अभियान और तेज किया जाएगा।

Tags:    

Similar News