तीन दिवसीय पाकिस्तान दौरे पर है अफगानिस्तान के विदेश मंत्री मुत्ताकी

अफगानिस्तान के कार्यकारी विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी बुधवार से पाकिस्तान के दौरे पर हैं।

Update: 2021-11-11 01:14 GMT

फाइल फोटो 

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। अफगानिस्तान के कार्यकारी विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी (Amir Khan Muttaqi) बुधवार से पाकिस्तान के दौरे पर हैं। अगस्त में अफगान की सत्ता पर तालिबान के काबिज होने के बाद दोनों देशों के बीच संबंधों को नए सिरे से जोड़ने के मकसद से विदेश मंत्री मुत्ताकी इस्लामाबाद आए हैं। वित्त सलाहकार अब्दुल रजाक दाउद (Commerce Advisor Abdul Razak Dawood), अफगानिस्तान के लिए पाकिस्तान के विशेष प्रतिनिधि मोहम्मद सादिक और वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत नुर खान एयरबेस पर किया। इस्लामाबाद में अफगान दूतावास में तालिबान के प्रतिनिधि शाकैब अहमद (Shakaib Ahmad) भी इस मौके पर मौजूद थे।

मुत्ताकी यहां 20 सदस्यीय उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ आए हैं जिसमें वित्त मंत्री हिदायतुल्ला बदरी, उद्योग व व्यापार मंत्री नुरुद्दीन अजीज (Nooruddin Aziz) और विमानन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं। प्रतिनिधिमंडल दोनों देशों के बीच संबंधों को बढ़ाने, अर्थव्यवस्था, शरणार्थियों और लोगों की आवाजाही के लिए सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा करेगा। यह बैठक इस्लामाबाद में गुरुवार,11 नवंबर को होनी है।
उल्लेखनीय है कि तीन दिवसीय दौरे के दौरान अफगानी विदेश मंत्री अपने पाकिस्तानी समकक्ष शाह महमूद कुरैशी व अन्य अधिकारियों के साथ मुलाकात करेंगे। बता दें कि 21 अक्टूबर को पाकिस्तान के विदेश मंत्री कुरैशी 21 अक्टूबर को अफगानिस्तान गए थे। विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने काबुल की अपनी यात्रा के बाद मीडिया को बताया था कि उन्होंने मुतक्की को आमंत्रित किया और उन्होंने इसे स्वीकार भी कर लिया था। पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार अफगानिस्तान के कार्यवाहक विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी को ट्रोइका प्लस बैठक के लिए विशेष निमंत्रण भेजा गया। द न्यूज इंटरनेशनल ने एक अधिकारी के हवाले से कहा, 'अफगानिस्तान के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका, चीन, रूस और पाकिस्तान के विशेष प्रतिनिधि गुरुवार को बैठक करेंगे और हमें उम्मीद है कि इसमें मुत्ताकी भी शामिल होंगे।'
अफगानिस्तान पर गुरुवार को इस्लामाबाद में होने वाले ट्रोइका प्लस में अफगानिस्तान के लिए पाकिस्तान के विशेष प्रतिनिधि राजदूत मोहम्मद सादिक, अफगानिस्तान के विदेश विभाग के विशेष प्रतिनिधि और उप सहायक सचिव थामस वेस्ट, अफगानिस्तान के लिए रूस के विशेष दूत जमीर काबुलोव और अफगानिस्तान के लिए चीनी विशेष दूत यू शियाओओंग शामिल होंगे।
अफगान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल कहर बल्खी ने इस दौरे के बारे में बताया था कि पाकिस्तान दौरे पर जा रहा प्रतिनिधिमंडल दोनों देशों के बीच लोगों की आवाजाही, संबंधों, अर्थव्यवस्था, शरणार्थियों और सुविधाओं को बढ़ाने पर चर्चा करेगा।


Tags:    

Similar News