काबुल के पगमान जिले में आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट के ठिकाने पर कार्रवाई की, चार गिरफ्तार
जहां तालिबान प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद की मृत मां के लिए दुआ की जा रही थी।
तालिबान बलों ने मंगलवार शाम को काबुल के पगमान जिले में आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (दाएश) के ठिकाने पर कार्रवाई की है। सूचना और संस्कृति के उप मंत्री जबीहुल्लाह मुजाहिद ने इसकी जानकारी दी है। टोलो न्यूज के अनुसार उन्होंन यह भी बताया कि दाएश के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। गौरतलब है कि दाएश ने बीते दिनों पाकिस्तान के पेशावर में एक सिख समुदाय के सदस्य की हत्या की जिम्मेदारी ली थी। इस्लामिक स्टेट (दाएश) ने एक बयान में कहा था कि आइएस (दाएश) के सदस्यों ने सतनाम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। पेशे से डाक्टर सतनाम सिंह गुरुवार को पेशावर में अपने क्लिनिक के अंदर थे, जब उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।
आइएसआइएस- खुरासान के खिलाफ अभियान शुरू
बता दें कि तालिबान नेतृत्व ने पिछले हफ्ते काबुल में एक मस्जिद के पास एक बम हमले के बाद आइएसआइएस- खुरासान की मौजूदगी की तलाशी और उसे खत्म करने के लिए एक बड़ा अभियान शुरू किया है। तालिबान बलों ने काबुल के उत्तर में एक इस्लामिक स्टेट सेल को नष्ट करने का दावा किया है और राजधानी और देश के अन्य हिस्सों में आइएसआइएस-के के खिलाफ अभियान शुरू की है।
तालिबान के लिए एक बड़ी चुनौती के रूप में उभरा
आइएसआइएस-के तालिबान के लिए एक बड़ी चुनौती के रूप में उभरा है। समूह ने अतीत में कई घातक हमलों की जिम्मेदारी ली है। हाल ही में काबुल हवाई अड्डे पर विदेशी सैनिकों की वापसी के दौरान हमला हुआ था। इसके बाद पिछले सप्ताह ईदगाह मस्जिद के बाहर आत्मघाती विस्फोट हुआ था। जहां तालिबान प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद की मृत मां के लिए दुआ की जा रही थी।