Sudan खार्तूम: एक स्थानीय प्रतिरोध समिति के अनुसार, मध्य सूडान के एक गांव पर अर्धसैनिक रैपिड सपोर्ट फोर्स (आरएसएफ) के हमले में कम से कम 40 नागरिक मारे गए। गैर-सरकारी समूह अबू गौता प्रतिरोध समिति ने एक बयान में कहा, "गेज़िरा राज्य के अबू गौता क्षेत्र के गौज़ अल-नका गांव पर आरएसएफ के हमले में कम से कम 40 नागरिक मारे गए।"
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने बयान के हवाले से बताया कि गांव में कई शव खुले में पड़े हैं, क्योंकि आरएसएफ विस्थापित ग्रामीणों को मृतकों को दफनाने के लिए वापस जाने से रोक रहा है।
समिति ने नागरिक समाज संगठनों से आरएसएफ पर दबाव डालने का आह्वान किया कि वह निवासियों को गांव में प्रवेश करने और मृतकों को दफनाने की अनुमति दे। आरएसएफ ने अभी तक हमले के बारे में कोई टिप्पणी नहीं की है।
सूडानी सशस्त्र बलों (एसएएफ) द्वारा राज्य की राजधानी वाड मदनी से हटने के बाद दिसंबर 2023 में आरएसएफ ने गीजीरा राज्य पर नियंत्रण कर लिया। 15 अप्रैल, 2023 से सूडान एसएएफ और आरएसएफ के बीच हिंसक संघर्ष में उलझा हुआ है। इस संघर्ष के परिणामस्वरूप कम से कम 16,650 लोगों की मौत हुई है और लाखों लोग विस्थापित हुए हैं।
(आईएएनएस)