यूरोपियन कस्टम अधिकारियों (European Customs officials) ने यूरोप में अब तक का सबसे बड़ा कोकिन तस्करी (Cocaine smuggling) का भंडाफोड़ किया है. कस्टम अधिकारियों और पुलिस ने जर्मनी (Germany) और बेल्जियम (Belgium) जा रही शिपमेंट में रखी 23 टन कोकिन (23 tonnes of cocaine) को जब्त किया है. इतनी बड़ी मात्रा में कोकिन को देखकर अधिकारी और पुलिसकर्मी हैरान हैं. इस ड्रग्स की कीमत अरबों यूरो बताई गई है.

जर्मनी के कस्टम अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि उन्होंने पराग्वे (Paraguay) से हैमबर्ग (Hamburg) पहुंचे एक कंटेनर में 16 टन कोकिन को जब्त किया है. इसके अलावा बेल्जियम (Belgium) में भी 7.2 टन कोकिन को जब्त किया गया है. हैमबर्ग कस्टम कार्यालय ने बताया है कि जर्मनी के बंदरगाह पर कब्जे में लिया गया ड्रग अभी तक यूरोप में जब्त की गई कोकिन की सबसे बड़ी मात्रा है. अधिकारियों ने इस मामले से संबंधित एक संदिग्ध को नीदरलैंड (Netherlands) में अगवा किया है.

जर्मनी-बेल्जिम में जब्त हुआ कोकिन (AFP)
कंटेनरों में छिपाकर भेजा गया था ड्रग
राष्ट्रीय डच अभियोजक कार्यालय ने कहा कि इससे पहले तक एक बार में इतनी बड़ी मात्रा में कोकिन को जब्त नहीं किया गया था. हैमबर्ग कार्यालय ने बताया कि कुछ यूरोपियन कस्टम कार्यालयों ने पराग्वे से आने वाले पांच कंटेनरों में ड्रग के छिपे होने की जानकारी दी थी. इसके बाद हमने 12 फरवरी को छापेमारी कर कोकिन की बड़ी मात्रा को जब्त किया. अधिकारियों को तीन कंटेनरों में कुछ अनियमितताएं दिखीं. इन कंटेनरों में टिन के भीतर पुट्टी को लोड किया गया था, लेकिन इन्हें ध्यान से देखने पर पता चला कि इसमें कुछ और भी लोड किया गया है.

केन में पुट्टी की जगह लोड थी कोकिन
इसके बाद अधिकारियों ने सख्ती से इन कंटेनरों की जांच शुरू की. जिसमें 1,700 केनों के भीतर कोकिन भरा हुआ पाया गया. नीदरलैंड में अभियोजकों ने कहा, इस शिपमेंट को लेकर दाखिल किए गए दस्तावेज के जरिए हमें एक आदमी का पता चला, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है. इस गिरफ्तारी से पहले डच अधिकारियों को कंटेनरों की एक और खेप की जानकारी मिली, जो पनामा (Panama) से बेल्जियम (Belgian) के एंटवर्प (Antwerp) बंदरगाह पहुंचने वाली थी.

कोकिन की कीमत अरबों यूरो
बेल्जियम कस्टम अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई और उन्होंने लकड़ी के ब्लॉक से भरे कंटेनर में छिपाए गए 7.2 टन कोकिन को जब्त किया. हैमबर्ग और एंटवर्प में कुल मिलाकर 23 टन कोकिन को जब्त किया गया. हैमबर्ग कस्टम अधिकारियों के मुताबिक, इस कोकिन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अरबों यूरो कीमत है. बता दें कि रोटरडर्म, एंटवर्प और हैमबर्ग यूरोपियन यूनियन के तीन सबसे व्यस्त बंदरगाह हैं.


Tags: