नई दिल्ली: स्मार्टफोन्स में डिस्प्ले इसके डिजाइन और लुक में अहम भूमिका निभाता है। किसी फोन का डिस्प्ले कितने पतले बेजल्स के साथ आता है, इस पर फोन का लुक बहुत निर्भर करता है। जितना पतले बेजल्स, उतना ज्यादा लुभावना लुक। स्मार्टफोन कंपनियां अभी तक 1.3 mm बेजल्स के डिस्प्ले बनाने में कामयाब हो चुकी हैं। पिछले कुछ सालों में इस इनोवेशन ने फोन के दिखने के अंदाज को काफी बदल दिया है। जल्द ही OLED डिस्प्ले की बदौलत 1 mm पतले बेजल्स भी स्मार्टफोन्स में मिलने वाले हैं। लेकिन एक ऐसी कंपनी भी है जिसने इस मामले में Apple, Samsung जैसे दिग्गजों को भी पीछे छोड़ने की ठान ली है।
Tecno ने अपना पहला, बेजल लैस डिस्प्ले वाला फोन पेश कर दिया है! जी हां, कंपनी ने कॉन्सेप्ट के रूप में बेजल रहित डिस्प्ले फोन को पेश करने की तैयारी कर ली है जिसे IFA 2026 में कंपनी सबसे सामने लाने वाली है। Tecno ने आधिकारिक तौर पर अपने नेक्स्ट-जेनरेशन के बेजल-लेस कॉन्सेप्ट फोन की पहली झलक दिखाई है। कंपनी इसे सितंबर में IFA 2026 में पेश करेगी। Tecno अपने आप में पहली ऐसी कंपनी होगी जो डिस्प्ले में इतना बड़ा इनोवेशन लेकर आ रही है, यहां तक कि Apple से भी पहले।
2027 में Apple अपने iPhone की 20वीं वर्षगांठ मनाएगी जिसके दौरान कंपनी iPhone 20 Pro को पेश करेगी। ऐसी खबरें हैं कि Apple अपने iPhone 20 Pro में बेजल-लेस डिस्प्ले इस्तेमाल करने वाली है। लेकिन Tecno ने अपना कॉन्सेप्ट फोन उससे पहले ही पेश भी कर दिया है। Tecno Mobile ने अधिकारिक तौर पर 0 मिलीमीटर डिस्प्ले बेजल्स प्रस्तुत किए हैं। कंपनी ने एक वीडियो जारी कर इस फोन की पहली झलक दिखाई है।
Tecno के कॉन्सेप्ट फोन में 0mm के बेजल्स हैं। कहा गया है कि 0mm बेज़ल को एडवांस्ड इंटरनल स्टैकिंग, नई स्क्रीन पैकेजिंग तकनीक और स्ट्रक्चरल री-इंजीनियरिंग के जरिए हासिल किया (via) गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कॉन्सेप्ट फोन में एज-टू-एज डिस्प्ले है, जो स्क्रीन के चारों ओर बिना किसी बॉर्डर के एक शानदार लुक देता है। सेल्फी कैमरा के लिए पंचहोल कटआउट है।
हालांकि अभी यह एक कॉन्सेप्ट फोन है, और इसे कमर्शियल रूप देने में समय लग सकता है। लेकिन कॉन्सेप्ट का मतलब है कि कंपनी अपनी इनोवेशन पर लगभग काम पूरा कर चुकी है और जल्द ही इसका बहुतायत में निर्माण शुरू कर सकती है। Tecno का कॉन्सेप्ट फोन एक फ्लैट डिस्प्ले के साथ नजर आया है। लेकिन Apple के लिए अफवाहें हैं कि कंपनी iPhone 20 Pro में राउंड एज डिस्प्ले इस्तेमाल कर सकती है। अब देखना होगा कि कौन सी कंपनी का बेजल-लेस फोन मार्केट में ज्यादा कामयाब होता है।