नई दिल्ली: Realme अपनी नंबर सीरीज का नया स्मार्टफोन Realme 17 Pro लाने की तैयारी कर रही है। लॉन्च से पहले फोन की कथित तस्वीरें और कुछ स्पेसिफिकेशन्स लीक हुए हैं। सामने आई तस्वीरों में इसका कैमरा मॉड्यूल OnePlus के कुछ स्मार्टफोन्स जैसा दिखाई दे रहा है। वहीं, लीक के मुताबिक फोन में 10,000mAh की बड़ी बैटरी मिल सकती है। इसके अलावा 144Hz AMOLED डिस्प्ले और MediaTek Dimensity 7300 प्रोसेसर दिए जाने की बात कही गई है।
टिप्स्टर अभिषेक यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर Realme 17 Pro की कथित तस्वीरें शेयर की हैं। इनमें फोन का फ्रंट और बैक पैनल दिखाई दे रहा है। फोन के पीछे स्क्वायर शेप का कैमरा मॉड्यूल दिया गया है, जिसमें तीन कैमरा सेंसर और LED फ्लैश नजर आते हैं। इसका डिजाइन OnePlus के कुछ स्मार्टफोन्स में दिखने वाले कैमरा मॉड्यूल जैसा है। फोन के बैक पैनल पर फिलहाल Realme की ब्रांडिंग दिखाई नहीं दे रही है। इसमें फ्लैट फ्रेम और मैट फिनिश वाला बैक पैनल मिल सकता है। सामने की तरफ पतले बेजल और बीच में पंच-होल सेल्फी कैमरा दिया गया है।
टिप्स्टर के मुताबिक, Realme 17 Pro में 144Hz रिफ्रेश रेट वाला AMOLED डिस्प्ले मिलेगा। हालांकि, स्क्रीन के साइज और रेजोल्यूशन की जानकारी अभी सामने नहीं आई है। फोन में MediaTek Dimensity 7300 प्रोसेसर दिए जाने की बात कही गई है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिल सकता है।
Realme 17 Pro की सबसे बड़ी खासियत इसकी संभावित 10,000mAh बैटरी हो सकती है। लीक के मुताबिक, फोन में 65W वायर्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलेगा। अगर यह जानकारी सही साबित होती है तो बैटरी के मामले में यह पिछले मॉडल से बड़ा अपग्रेड होगा। Realme 16 Pro में 7,000mAh की बैटरी दी गई थी।
हालांकि, कैमरे के मामले में नए मॉडल में कुछ बदलाव हो सकते हैं। Realme 16 Pro में 50 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलता है, जबकि नए फोन में 32 मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा दिए जाने की चर्चा है। Realme ने अभी तक Realme 17 Pro की लॉन्च डेट या स्पेसिफिकेशन्स की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।