नई दिल्ली: शुक्रवार को माइक्रोसॉफ्ट में आई एक लंबी तकनीकी खराबी (आउटेज) के कारण कई देशों में कारोबार, एयरलाइंस और सरकारी कामकाज प्रभावित हुए। आउटेज शुरू होने के कई घंटों बाद भी कंपनी सामान्य कामकाज बहाल करने के लिए संघर्ष करती रही। इस दौरान आउटलुक (Outlook), टीम्स (Teams) और एआई असिस्टेंट 'कोपायलट' (Copilot) जैसी व्यापक रूप से इस्तेमाल होने वाली सेवाएं ठप रहीं।
अमेरिका स्थित इस टेक कंपनी ने बताया कि इस घटना से माइक्रोसॉफ्ट 365 के कई ऐसे उत्पाद प्रभावित हुए हैं, जो इसके 'एक्सचेंज ऑनलाइन' (Exchange Online) और ईमेल इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े हैं।
एशिया और अमेरिका में उपयोगकर्ताओं ने इन सेवाओं तक पहुंचने में कठिनाई की सूचना दी। इसका असर उन संगठनों पर भी पड़ा जो आंतरिक संचार और ग्राहक सहायता (कस्टमर सपोर्ट) के लिए माइक्रोसॉफ्ट के सॉफ्टवेयर पर निर्भर हैं।
अपने ताजा अपडेट में, माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि प्रभावित इंफ्रास्ट्रक्चर को ठीक करने का काम चल रहा है।
कंपनी ने कहा, "हमें स्थिति के स्थिर होने के शुरुआती संकेत मिल रहे हैं, लेकिन सेवाओं की क्षमता अभी तक सामान्य स्तर पर नहीं लौटी है। जैसे-जैसे ट्रैफिक को धीरे-धीरे वापस बहाल किया जा रहा है, सेवाओं की स्थिति में उतार-चढ़ाव बना हुआ है।"
कंपनी ने आगे कहा, "हमारा मुख्य फोकस सेवाओं को स्थिर करने और नियंत्रित तरीके से उन्हें बहाल करने पर है। हमारी इंजीनियरिंग टीमें प्रभावित इंफ्रास्ट्रक्चर पर लगातार नजर रख रही हैं और ट्रैफिक को हटाने, सिस्टम रीस्टार्ट करने, कमियों को दूर करने और चरणों में सेवाओं को बहाल करने का काम कर रही हैं। हम बहाली की गति और निरंतरता को बेहतर बनाने के लिए अन्य विकल्पों पर भी विचार कर रहे हैं।"
माइक्रोसॉफ्ट ने बताया कि नेटवर्क और ट्रैफिक-मैनेजमेंट से जुड़े काम जारी हैं। कंपनी इस बात को प्राथमिकता दे रही है कि बहाली के दौरान जो ईमेल देरी से पहुंचे हैं, वे सुरक्षित रहें।
कंपनी ने कहा, "इस प्रयास के तहत, हम ईमेल टाइमआउट विंडो को बढ़ाकर 48 घंटे कर रहे हैं, ताकि सेवाओं की बहाली के दौरान देरी से आने वाले संदेश सुरक्षित रहें।"
कंपनी ने स्पष्ट किया कि उसे किसी भी तरह की दुर्भावनापूर्ण गतिविधि (malicious activity) की जानकारी नहीं है। बहाली पूरी होने के बाद, कंपनी इस घटना की पूरी रिपोर्ट (Post-Incident Report) जारी करेगी, जिसमें घटना के मूल कारण और सुरक्षा को मजबूत करने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी दी जाएगी।
आउटेज को ट्रैक करने वाले प्लेटफॉर्म 'डाउनडिटेक्टर' पर मिली रिपोर्टों से इस खराबी के बड़े पैमाने का पता चलता है, जिसमें कोपायलट, आउटलुक और कंपनी की अन्य सेवाएं शामिल हैं।
इस खराबी का असर कॉर्पोरेट कार्यक्रमों पर भी पड़ा।
अमेरिका स्थित औद्योगिक प्रौद्योगिकी कंपनी 'वर्कहॉर्स ग्रुप इंक' (Workhorse Group Inc.) ने इस आउटेज के कारण अपनी तिमाही कमाई से जुड़ी कॉन्फ्रेंस कॉल को स्थगित कर दिया।
दिन में, इंडिगो (IndiGo) और एयर इंडिया (Air India) सहित घरेलू एयरलाइंस ने भी अपने ईमेल सिस्टम में दिक्कतें आने की सूचना दी, हालांकि उड़ानों के संचालन पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। गौरतलब है कि सिंगापुर की गवर्नमेंट टेक्नोलॉजी एजेंसी ने पुष्टि की है कि सरकारी ईमेल सेवाएं ठप हो गई हैं और वे इस समस्या को सुलझाने के लिए माइक्रोसॉफ्ट के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
जापान में, डिप्टी चीफ कैबिनेट सेक्रेटरी मसानाओ ओज़ाकी ने बताया कि देश के सरकारी आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी असर पड़ा है और अधिकारी "हालात पर कड़ी नज़र रखे हुए हैं।"
रिपोर्ट्स के अनुसार, माइक्रोसॉफ्ट की वैश्विक आउटेज (सेवा ठप होने) की वजह से आउटलुक, टीम्स और एआई सॉफ्टवेयर 'कोपायलट' जैसी व्यापक रूप से इस्तेमाल होने वाली सेवाएं बाधित हो गई हैं। इसके चलते जापानी कंपनियों और संस्थानों को फैक्स मशीनों का सहारा लेना पड़ रहा है, कर्मचारियों को मीटिंग्स का समय बदलना पड़ रहा है और रोज़मर्रा के कारोबारी कामकाज भी रुक गए हैं।
Tags: