Foldable iPhone : Apple भी जल्द ही इस सेगमेंट में धमाकेदार एंट्री कर सकता है, कंपनी का पहला फोल्डेबल iPhone अगले साल लॉन्च होने की उम्मीद है। इस फोन के बारे में नई-नई जानकारियां सामने आ रही हैं और हर कोई Apple के पहले फोल्डेबल iPhone के बारे में जानने के लिए उत्सुक है। अब हाल ही में एक मार्केट रिसर्च फर्म की नई रिपोर्ट में फोल्डेबल iPhone के अंदरूनी और बाहरी स्क्रीन साइज़ का खुलासा हुआ है।
फोल्डेबल iPhone स्क्रीन साइज़ (अनुमानित)
ट्रेंडफोर्स की रिपोर्ट का दावा है कि फोल्डेबल iPhone में 5.5 इंच का कवर डिस्प्ले और 7.8 इंच का अंदरूनी डिस्प्ले हो सकता है। इस स्क्रीन साइज़ को देखकर लगता है कि Apple के पहले फोल्डेबल iPhone में दोनों डिस्प्ले हाल ही में लॉन्च हुए Samsung Galaxy Z Fold 7 से छोटे होंगे। वहीं, अगर Galaxy Z Fold 7 की बात करें, तो Samsung के इस फोल्डेबल फोन में 8 इंच का फ्लेक्स इनर डिस्प्ले और बाहरी डिस्प्ले में 6.5 इंच का फुल एचडी प्लस रेजोल्यूशन वाला AMOLED डिस्प्ले है।
टीएफ सिक्योरिटी के अंतरराष्ट्रीय विश्लेषक मिंग ची कुओ ने भी कुछ समय पहले जानकारी दी थी कि ऐप्पल का पहला फोल्डेबल आईफोन सैमसंग डिस्प्ले द्वारा निर्मित एक क्रीज़-फ्री इनर स्क्रीन के साथ आएगा। बेहतर टिकाऊपन के लिए, इस हैंडसेट में मेटल हिंज और बैकप्लेट होगी जिसे फाइन एम-टेक द्वारा डिज़ाइन किया जाएगा। यह फोल्डेबल आईफोन ऐप्पल के ऑप्टिमाइज़्ड ऑपरेटिंग सिस्टम, जो iOS 27 हो सकता है, पर काम करेगा।
इन फोल्डेबल स्मार्टफोन्स से मुकाबला
लॉन्च की बात करें तो अब तक सामने आई कई रिपोर्ट्स में जानकारी दी गई है कि इस फोन को अगले साल यानी 2026 में ग्राहकों के लिए लॉन्च किया जा सकता है। अगर यह फोन लॉन्च होता है, तो इसका सीधा मुकाबला गैलेक्सी Z फोल्ड 7 के साथ-साथ वीवो X फोल्ड 5 जैसे मॉडल्स से होगा।