New Delhi नई दिल्ली : इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर निर्माता कंपनी एथर एनर्जी (Ather Energy) एक बार फिर फंड जुटाने की योजना को लेकर चर्चा में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी जल्द ही संस्थागत निवेशकों से करीब 20 करोड़ डॉलर (लगभग ₹1,900 करोड़) जुटाने की तैयारी कर रही है। यह पूंजी कंपनी क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) के जरिए जुटाने की योजना बना रही है और प्रक्रिया अगले सप्ताह से शुरू हो सकती है।
सूत्रों के अनुसार, इस फंड रेजिंग प्रक्रिया के लिए HSBC, एक्सिस कैपिटल और नोमुरा होल्डिंग्स जैसी प्रमुख निवेश बैंकिंग कंपनियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। हालांकि, कंपनी या संबंधित बैंकों की ओर से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।यह कदम ऐसे समय में उठाया जा रहा है जब भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है और इलेक्ट्रिक स्कूटर सेगमेंट में कंपनियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। एथर एनर्जी इसी अवसर का लाभ उठाकर अपने कारोबार का विस्तार करना चाहती है।
कंपनी इस फंड का इस्तेमाल मुख्य रूप से अपनी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने, देशभर में अपने रिटेल स्टोर और एक्सपीरियंस सेंटर का नेटवर्क मजबूत करने और नए इलेक्ट्रिक स्कूटर व अन्य उत्पादों के विकास में करेगी।एथर एनर्जी ने पिछले एक साल में बाजार में मजबूत प्रदर्शन किया है। मई 2025 में लिस्टिंग के बाद इसके शेयरों में तेजी देखने को मिली है और यह IPO प्राइस की तुलना में 250% से अधिक बढ़ चुके हैं। बढ़ती ईवी मांग और ईंधन कीमतों में उतार-चढ़ाव ने कंपनी की ग्रोथ को और गति दी है।